खेलते हुए सेप्टिक टैंक में गिरा मासूम, मौत
चोला। चौकी क्षेत्र के गांव खानपुर में ननिहाल आए पांच वर्षीय मासूम वंश की निर्माणाधीन सेप्टिक टैंक में डूबकर मौत हो गई। मासूम की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं, ग्राम आच्छेपुर थाना रबूपुरा जिला गौतमबुद्ध नगर से आए मासूम के परिजन उसका शव लेकर गांव चले गए। मामले में कोई पुलिस कार्रवाई नहीं हुई है।
चोला चौकी के गांव खानपुर निवासी गौरव पुत्र चंद्रपाल ने बताया कि वंश उसका भांजा है। उसके माता-पिता पलवल में प्राइवेट नौकरी करते हैं। पांच दिन पूर्व वंश अपने माता-पिता के साथ ननिहाल आया हुआ था। नानी के साथ रहने की जिद पर माता-पिता उसे यहां पर कुछ दिन रहने के लिए छोड़कर वापस पलवल चले गए। बृहस्पतिवार सुबह वंश पड़ोस में खेल रहा था। पड़ोस में एक मकान का निर्माण चल रहा है। जहां शौचालय का सेप्टिक टैंक बन रहा है। सेप्टिक टैंक में पानी भरा हुआ है। खेलते समय किसी समय वंश शौचालय के टैंक में गिरकर डूब गया। जब परिजनों ने उसकी खोजबीन की तो उसका शव सेप्टिक टैंक में पड़ा मिला। घटना की जानकारी मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया। घटना की जानकारी मिलने पर वंश के चाचा और अन्य परिजन गांव आए और उसका शव लेकर ग्राम आच्छेपुर थाना रबूपुरा जिला गौतमबुद्ध नगर चले गए। वहीं, चोला चौकी प्रभारी संदीप तोमर ने बताया कि मामला संज्ञान में नहीं है।