बुखार से मंगलवार को सात साल की बच्ची की मौत हो गई। उसे दो दिन पहले बुखार आया था। हालत बिगड़ने पर उसे पहले बुलंदशहर और फिर मेरठ ले जाया गया। वहां से उसे दिल्ली रेफर किया गया जहां उसने दम तोड़ दिया। मासूम की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
कस्बा स्थित मोहल्ला बहोरान निवासी अकील की सात वर्षीय बेटी प्राथमिक विद्यालय में कक्षा दो की छात्रा थी। परिजनों के मुताबिक 24 अप्रैल को स्कूल से घर आने पर अचानक उमरा को बुखार आ गया। पहले उसे नजदीकी चिकित्सालय में इलाज करवाया लेकिन फायदा न होने पर परिजन बुलंदशहर ले गए।
हालत बिगड़ने पर चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल से मेरठ रेफर कर दिया। वहां भी उमरा की हालत में जब कोई सुधार नहीं आया तो चिकित्सकों ने हायर मेडिकल के लिए दिल्ली स्थित अस्पताल में रेफर कर दिया। दिल्ली में चाचा नेहरू स्थित अस्पताल में उपचार के दौरान मंगलवार को उमरा ने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलने पर परिजनों में कोहराम मचा रहा।