बुलंदशहर। दूध डेयरी खोलने के लिए लोन दिलाने के नाम पर 38 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। एसएसपी के आदेश पर नगर कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। एसएसपी को शिकायत देकर शिकारपुर के गांव शेखपुर निवासी भगत सिंह ने बताया कि दूध की डेयरी खोलने के लिए उन्होंने 10 माह पहले ब्रह्मपुत्र कॉम्प्लैक्स स्थित फाइनेंस कंपनी से संपर्क किया था। आरोप है कि मौके पर कार्यरत कमल सिंह ने उनसे फाइल चार्ज के नाम पर 5700 रुपये और फिर 12 लाख का लोन पास होने की बात कहते हुए सिक्योरिटी मनी के नाम पर 33 हजार रुपये की वसूली कर ली। आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने उनसे मय ब्याज की राशि के चेक भी लिए, लेकिन बाद में लोन पास न होने की बात कही। जिसके चलते आरोपी से रुपये वापस मांगे गए, लेकिन आरोपी ने अभद्रता करते हुए उन्हें धमकी दी। पुलिस ने एसएसपी के आदेश पर मामले में रिपोर्ट दर्ज की है। सीओ सिटी व एएसपी ऋजुल ने बताया कि मामले में जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।