बुलंदशहर। साइबर ठगों ने कृष्णानगर मोहल्ला निवासी राजीव कुमार से बीमा पॉलिसी की रकम बोनस सहित देने का झांसा देकर 1.78 लाख रुपये की ठगी कर ली। आरोपी ने खुद को मुंबई स्थित कंपनी के हेड आफिस का मैनेजर बताया था। पीड़ित ने इस संबंध में एसएसपी को पत्र देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
मोहल्ला कृष्णानगर निवासी राजीव सिंह ने एसएसपी को शिकायती पत्र देकर बताया कि 14 जनवरी 2024 को उनके फोन पर अंजान नंबर से एक कॉल आई थी। जिसमें आरोपी ने खुद को बीमा कंपनी के मुंबई स्थित हेड ऑफिस का मैनेजर बताया था। आरोपी ने उसे बीमा पॉलिसी के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि किस्त जमा न होने के चलते उनकी पॉलिसी बंद हो चुकी है। अगर वह अपनी पॉलिसी शुरू करा दें तो छह माह बाद बोनस समेत सारी धनराशि निकाल सकते हैं। इसके लिए पीड़ित को उनके सीनियर से बातचीत करनी होगी।
इसके कुछ देर बाद ही पीड़ित के मोबाइल नंबर पर एक अन्य अज्ञात नंबर से कॉल आई, जिसमें कॉलकर्ता ने खुद को आरोपी सचिन का सीनियर बताते हुए पॉलिसी आगे चलाने के लिए 1,78,609 रुपये जमा कराने के लिए कहा गया। पीड़ित ने बताया उन्होंने आरोपी पर विश्वास करते हुए उसके बताए गए बैंक खाते में 1,78,609 रुपये ट्रांसफर कर दिए। बाद में उसे पता चला कि आरोपियों ने धोखाधड़ी कर रुपये हड़प लिए हैं। इसके बाद उसने आरोपियों से संपर्क करना चाहा तो उनके नंबर स्विच ऑफ हो गए। एसएसपी श्लोक कुमार ने मामले में साइबर टीम से जांच कराकर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।