संवाद न्यूज एजेंसी
बुलंदशहर। स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत महिला कर्मचारी से उनके बेटे की नौकरी के नाम पर डेढ़ लाख रुपये ठग लिए। नौकरी न लगने पर जब उन्होंने रुपये मांगे तो आरोपियों ने उन्हें धमकी दी। पीड़िता की ओर से मुख्यमंत्री को शिकायत भेजकर कार्रवाई की मांग की है।
अरनियां निवासी सायमा बेगम ने मुख्यमंत्री को शिकायत भेजकर बताया कि डेढ़ साल पहले अरनियां सरकारी चिकित्सालय में कार्यरत एक स्टाफ नर्स और उसके सहयोगियों ने बेटे की मलेरिया विभाग में नौकरी लगवाने का झांसा दिया। नौकरी लगवाने के नाम पर डेढ़ लाख रुपये ले लिए। इसके बाद आरोपियों ने उनके बेटे को कुछ समय तक मलेरिया विभाग में काम कराया। जब कई माह तक वेतन नहीं मिला तो उन्होंने इसकी जानकारी अधिकारियों से की। आरोप है कि इस दौरान पता चला कि उन्हें नौकरी पर ही नहीं रखा गया है। जब इसके लिए आरोपी स्टाफ नर्स और उसके सहयोगियों से वार्ता की तो उन्होंने अभद्रता करते हुए मामले में शिकायत न करने की धमकी दी। आरोप लगाया कि आरोपी कई अन्य लोगों से भी नौकरी के नाम पर ठगी कर चुके हैं। पीड़िता की ओर से मुख्यमंत्री को शिकायत भेजकर रुपये वापस कराने और आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की है।