बुलंदशहर। डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के चुनाव के लिए बृहस्पतिवार को एल्डर्स कमेटी को चार्ज सौंप दिया गया। दोनों पक्षों की ओर से की गई चुनाव की घोषणा के आधार पर शुक्रवार को नामांकन प्रक्रिया पूरी की जाएगी। 18 दिसंबर को मतदान किया जाएगा। वहीं उत्तर प्रदेश बार काउंसिल ने धर्मपाल शर्मा को ही अध्यक्ष मानते हुए चार अधिवक्ताओं के चुनाव लड़ने पर स्टे जारी कर दिया है।
डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष धर्मपाल शर्मा ने बृहस्पतिवार को एल्डर कमेटी को चार्ज सौंप दिया। एल्डर कमेटी की ओर से एसोसिएशन के चुनाव के लिए शेड्यूल जारी कर दिया है। शेड्यूल के मुताबिक 13 दिसंबर को सुबह 11 से दोपहर तीन बजे तक नामांकन किया जाएगा। जबकि दोपहर साढ़े तीन से चार बजे तक नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। इसके साथ ही 18 दिसंबर की सुबह नौ से शाम पांच बजे तक मतदान किया जाएगा और मतदान के बाद ही मतगणना शुरू की जाएगी।
अध्यक्ष पद के नामांकन के लिए 20 हजार, महासचिव पद के लिए 18 हजार और स्टेशन शुल्क के लिए 2500 रुपये शुल्क निर्धारित किया है। एसोसिएशन के अध्यक्ष धर्मपाल शर्मा ने बताया कि बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश ने उन्हें अध्यक्ष तथा पवन कुमार निम को महासचिव माना है। साथ ही अधिवक्ता विनोद कुमार शर्मा की अध्यक्षता में चरन सिंह, महावीर सिंह बौहरे, मूलचंद अग्रवाल, डीके दीक्षित, शिवदत्त शर्मा को सदस्य बनाते हुए एल्डर्स कमेटी बनाई है।
गठित एल्डर्स कमेटी ने बृहस्पतिवार को दो चरणों में चुनाव कराने की घोषणा की। अध्यक्ष और महासचिव पद के लिए 13 दिसंबर को नामांकन किया जाएगा। साथ ही घोषणा की कि यदि कोई और अवैधानिक कमेटी चुनाव कराने के लिए प्रयास करती है या कोई नामांकन करता है सदस्यता समाप्त करने के लिए बार काउंसिल को पत्र जारी किया जाएगा। धर्मपाल शर्मा ने बताया कि जांच कमेटी की ओर से अधिवक्ता राजाशील कुमार, सुमन कुमार सिंह राघव, उपेंद्र शर्मा और अनुराग चौधरी के चुनाव लड़ने पर स्टे जारी किया गया है। हालांकि पूर्व अध्यक्ष सुमन कुमार सिंह राघव ने बताया कि राजाशील कुमार, अनुराग चौधरी, उपेंद्र शर्मा और उनके पास न तो बार काउंसिल की ओर से कोई सूचना है और न ही उन्हें काउंसिल का कोई आदेश तामील किया गया है।
दूसरे पक्ष की ओर से भी की गई चुनाव की घोषणा
अधिवक्ता राजाशील कुमार ने खुद को कार्यवाहक अध्यक्ष बताते हुए एल्डर्स कमेटी गठित की। इस दौरान कमेटी में रामपाल सिंह, दलेल सिंह सिरोही, गजराज सिंह वर्मा, कृपाल सिंह यादव, राकेश दीक्षित, तेजपाल सिंह को शामिल किया गया। साथ ही एसोसिएशन के चुनाव की घोषणा की है। राजाशील कुमार के मुताबिक 13 दिसंबर को सुबह 10 से शाम चार बजे तक नामांकन किए जाएंगे। साथ ही 16 दिसंबर को सुबह 10 से शाम चार बजे तक नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया की जाएगी। जबकि 19 दिसंबर को सुबह नौ से शाम पांच बजे तक मतदान किया जाएगा। राजाशील कुमार ने बताया कि अध्यक्ष धर्मपाल शर्मा और सचिव पवन कुमार निम का निष्कासन बरकरार है।
खुर्जा बार एसोसिएशन में मतदान आज
खुर्जा बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों के लिए शुक्रवार को कुल 317 अधिवक्ता मतदान करेंगे। एसोसिएशन के अध्यक्ष पद के लिए राजेश शर्मा और केपी उपाध्याय, उपाध्यक्ष पद के लिए चौधरी भूपेंद्र सिंह तोमर, गोपाल वशिष्ठ और धर्मेंद्र पाल, महासचिव पद के लिए भानु प्रताप सिंह और मनोज शर्मा तथा कोषाध्यक्ष पद के लिए देवेंद्र और नीरज सैनी मैदान में हैं।
अनूपशहर बार काउंसिल में किए गए नामांकन
अनूपशहर बार काउंसिल के पदाधिकारियों के चुनाव के लिए बृहस्पतिवार को विभिन्न पदों के लिए नामांकन किए गए। इस दौरान अध्यक्ष पद के लिए धनंजय शर्मा, जयप्रकाश शर्मा, सचिव पद के लिए शशांक गौड़, दीपेंद्र राघव, वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद के लिए जगमोहन सिंह, कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद के लिए आशा शर्मा, प्रेमवीर सिंह, वरिष्ठ सह सचिव पद के लिए ऋषिपाल सिंह, कनिष्ठ सह सचिव पद के लिए धर्मेंद्र सिंह और ऑडिटर पद के लिए पीयूष गोयल ने नामांकन किया है। अब 16 दिसंबर को नामांकन पत्रों की जांच, 17 दिसंबर को नाम वापसी और 23 दिसंबर को मतदान किया जाएगा।