बुलंदशहर/आहार/नरौरा/जहांगीराबाद/औरंगाबाद/अनूपशहर/स्याना/ गुलावठी/ऊंचागांव/बुगरासी/डिबाई/शिकारपुर/अहमदगढ़/सलेमपुर/ खानपुर/बीबीनगर। शारदीय नवरात्र के पहले दिन रविवार को जिलेभर में मां दुर्गा की आराधना के साथ पर्व का शुभारंभ हुआ। घरों से लेकर देवी मंदिरों तक भक्तिमय माहौल रहा। श्रद्धालुओं ने कलश स्थापना कर मां शैलपुत्री की पूजा की और व्रत रखकर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की कतारें लग गईं। माता रानी के जयकारों और घंटा-घड़ियाल की गूंज से देवी धाम गुंजायमान रहे।
शहर के राजराजेश्वर मंदिर, साठा देवी मंदिर, सीताराम मंदिर, काली मंदिर, नर्मदेश्वर धाम, खाटू श्याम मंदिर और शिव शक्ति मंदिर सहित प्रमुख मंदिरों में सुबह से ही भक्त पहुंचने लगे। श्रद्धालुओं ने मां को चुनरी, नारियल, फल-फूल अर्पित किए। घरों में भी कलश स्थापना के बाद धूप, दीप, पुष्प और नैवेद्य से पूजन किया गया।
आहार स्थित मां अवंतिका देवी मंदिर में सुबह से ही दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की कतारें लगी रहीं। नरौरा क्षेत्र के बैलोन स्थित सर्वमंगला बेला भवानी मंदिर में भी दिनभर भक्तों का आना-जाना लगा रहा।
जहांगीराबाद के बिन्नेर देवी मंदिर, ढका देवी मंदिर और पीतांबरा मंदिर सहित अन्य देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ रही। अनूपशहर के कला बाजार स्थित माता मंदिर, आहार रोड स्थित शहर वाली देवी मंदिर और शीतला माता मंदिर में भक्तों ने पूजा की।
वहीं, स्याना के वैरा फिरोजपुर मार्ग स्थित मंशा देवी मंदिर में भी सुबह से दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की कतारें लगी रहीं। गुलावठी, ऊंचागांव, बुगरासी, डिबाई, शिकारपुर, अहमदगढ़, सलेमपुर, खानपुर और बीबीनगर सहित जिले के अन्य क्षेत्रों में भी नवरात्र के पहले दिन मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना हुई।
वहीं, खुर्जा में श्री नवदुर्गा शक्ति मंदिर में रविवार से नवरात्र महोत्सव का शुभारंभ हो गया है। वहीं, अखंड ज्योति लेने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही। मंदिर समिति के सचिव रोहित अग्रवाल ने बताया कि नवरात्रि महोत्सव को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा व सुविधा का पूरा ध्यान रखा जा रहा है।
खुर्जा के श्रीनव दुर्गा शक्ति मंदिर में मां शैलपुत्री के स्वरूप में सजी माता की मूर्ति। संवाद