सांसदों की तरह अब चेयरमैन अस्पताल लेंगे गोद
बुलंदशहर। नगर निकाय क्षेत्र के सरकारी अस्पतालों में लोगों को बेहतर उपचार मिल सके, इसके लिए नगर निकायों के चेयरमैन संबंधित क्षेत्र के अस्पतालों को गोद लेंगे। इसके लिए मुख्य सचिव ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के दौरान डीएम को निर्देश दिए हैं। साथ ही सभी सरकारी योजनाओं का लाभ लोगों को तत्काल पहुंचाने के भी आदेश दिए हैं।
मुख्य सचिव आरके तिवारी ने वीडियो कांफ्रेंसिंग से जिले में विकास कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान कोरोना महामारी के दौरान जिन राज्य कर्मचारियों की मौत हुई है, उनके परिजनों को तत्काल सहायता पहुंचाने, सरकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचाने के आदेश दिए। लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए नगर क्षेत्र के अस्पतालों को नगर पालिका और नगर पंचायत चेयरमैन को गोद दिया जाए। जिससे कि समय-समय पर वह अस्पतालों में जाकर व्यवस्थाओं की स्थिति जांच सकें। बता दें कि जनपद में कुल 17 नगर निकाय क्षेत्र हैं। इसमें नगर पालिका नौ नगर पालिका क्षेत्र और आठ नगर पंचायत क्षेत्र हैं। इन जनप्रतिनिधियों द्वारा अस्पताल को गोद लेने पर सुविधाओं में सुधार हो सकेगा। यदि कहीं पर लोगों में कोविड वैक्सीनेशन को लेकर भ्रम है तो इसे दूर करते हुए अधिक से अधिक लोगों का वैक्सीनेशन कराया जाए। जबकि मनरेगा योजना के तहत अधिक से अधिक लोगों को काम दिलाने, कोरोना संक्रमित मरीज के संपर्क में आने वाले 25 लोगों के सैंपल लेने, ऑक्सीजन प्लांट पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। स्वनिधि योजना के अंतर्गत जिन पात्र लाभार्थियों के ऋण स्वीकृत किए जा चुके हैं उनका वितरण शीघ्रता से कराने, आगामी माह में पौधरोपण लक्ष्य के सापेक्ष कराने, पौधरोपण की जीओ टैगिंग कराने के निर्देश दिए। इस दौरान जिलाधिकारी समेत अन्य अफसर मौजूद रहे।
लखावटी सीएचसी को चेयरमैन ने लिया गोद
नगर पंचायत के ईओ नवीन कुमार सिंह ने बताया कि सीएम के निर्देश पर सीएचसी लखावटी को चेयरमैन अख्तर मेवाती द्वारा गोद ले लिया गया है। अस्पताल का निरीक्षण करके वहां होने वाले विकास कार्य में तेजी लाई जाएगी। नगर पंचायत पहले ही अस्पताल में विकास कार्य करा चुकी है। अस्पताल में ईओ-चेयरमैन लगातार दौरा करेंगे और वहां की खामियों को दूर करेंगे।