बुलंदशहर नगर के भूड़ क्षेत्र की अंबेडकर कॉलोनी निवासी शिखा गौतम द्वारा आईएएस बनने का किया गया दावा जांच में झूठा पाया गया है। युवती ने यूनियन पब्लिक सर्विस कमीशन की परीक्षा में 113वीं रैंक हासिल करने का दावा किया था, जिसके बाद इलाके में जश्न भी मनाया गया था। बड़ी बात यह है कि मेन्स भी पास नहीं कर पाई थीं। हरियाणा की शिखा का मामला सही पाए जाने पर मायूसी हाथ लगी है।
बताया जा रहा है कि युवती ने अपना नाम शिखा बताते हुए आईएएस बनने की बात कही थी। लेकिन बाद में हरियाणा की शिखा गौतम द्वारा वास्तविक अभ्यर्थी होने का दावा सामने आने के बाद प्रशासन ने अपने स्तर से भी मामले की जांच कराई गई। उच्च अधिकारियों के निर्देश पर तहसील प्रशासन ने जब दस्तावेजों की जांच की तो पता चला कि दावा करने वाली युवती का नाम दस्तावेजों में शिखा रानी है और वह यूपीएससी की मुख्य परीक्षा (मेन्स) ही पास नहीं कर सकी थी। ऐसे में उसका इंटरव्यू के लिए चयन भी नहीं हुआ था।
सदर तहसील के एक अधिकारी ने नाम न छापने पर बताया कि जांच के दौरान युवती और उसके परिजनों ने अधिकारियों के सामने अपनी गलती स्वीकार की है। उन्होंने कहा कि जानकारी थी कि चयन नहीं हुआ है, लेकिन लोगों के सम्मान के आगे वह कुछ बोल नहीं पाईं। फर्जीवाड़ा सामने आने के बाद से युवती के परिजन घर में ही बंद हैं और किसी का फोन भी नहीं उठा रहे हैं। मामले को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। सच्चाई सामने आने पर परिजनों और मिलने वालों को मायूसी हाथ लगी है।