हापुड़। इंटरमीडिएट उत्तीर्ण कर चुके अभ्यर्थियों को स्नातक कक्षाओं में प्रवेश के लिए आज से पंजीकरण का अवसर मिलेगा। सीसीएसयू द्वारा पोर्टल पर फार्म ऑनलाइन किए गए हैं। अभ्यर्थी एक ही शुल्क के आधार पर तीन कॉलेजों का चयन कर सकते हैं। कोर्स का विवरण भी पोर्टल पर देखा जा सकता है।
जिले में सीसीएसयू से संबद्ध कॉलेजों की संख्या करीब 30 है। स्नातक में परंपरागत और प्रोफेशनल कोर्सों में प्रवेश के लिए हर साल एडेड कॉलेजों में छात्रों की मारामारी रहती है। इस बार विश्वविद्यालय ने स्पष्ट कर दिया है कि एडमिशन के लिए छात्रों का चयन मेरिट लिस्ट के आधार पर ही होगा।
प्रवेश पंजीकरण के लिए अभ्यर्थी द्वारा 130 रुपये का पंजीकरण शुल्क ऑनलाइन पेमेंट गेटवे के माध्यम से किया जाएगा। अभ्यर्थी एक ही पंजीकरण शुल्क से अधिकतम तीन पाठ्यक्रम/कॉलेज का चयन कर सकता है। कॉलेजों के साथ ही विश्वविद्यालय में भी आवेदन की छूट रहेगी।
पंजीकरण की प्रक्रिया पूर्ण होने पर पंजीकृत पात्र अभ्यर्थियों की वरियता सूची एवं प्रतिक्षा सूची विश्वविद्यालय के आरक्षण नियमानुसार तैयार कर प्रवेश दिलाया जाएगा। फिलहाल सीबीएसई के 12वीं का परिणाम घोषित नहीं हो सका है। ऐसे में संभावना है कि पंजीकरण की प्रक्रिया भी लंबे समय तक जारी रहेगा।
द्वितीय सेमेस्टर की मुख्य परीक्षाओं के फार्म भरने की प्रक्रिया शुरू
एनईपी के अंतर्गत संचालित बीए, बीएससी, बीकॉम, बीएससी गृह विज्ञान तथा एलएलएम पाठ्यक्रमों के द्वितीय सेमेस्टर की मुख्य परीक्षाओं के फार्म समर्थ पोर्टल पर ऑनलाइन कर दिए गए हैं। बिना विलंब शुल्क के 10 मई तक फार्म भरने की तिथि जारी की गई है।
एडेड कॉलेजों में प्रवेश के लिए रहेगी मारमारी
एडेड कॉलेजों में प्रवेश के लिए हर साल की तरह इस बार भी मारामारी तय है, क्योंकि सीटों के सापेक्ष 12वीं में उत्तीर्ण होने वाले छात्रों की संख्या अधिक है। हालांकि उत्तीर्ण छात्रों में बहुत से इंजीनियरिंग, मेडिकल जैसे कोर्सों का रुख करते हैं।
कोट
स्नातक कक्षाओं में प्रवेश के इच्छुक अभ्यर्थी मंगलवार से पंजीकरण करा सकते हैं। ऑनलाइन कोर्स भी पोर्टल पर देखे जा सकते हैं। स्नातक द्वितीय सेमेस्टर की मुख्य परीक्षाओं के फार्म भी ऑनलाइन निकल चुके हैं। - प्रो.नवीन चंद्र, प्राचार्य एसएसवी पीजी कॉलेज