बुलंदशहर। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) 10वीं व 12वीं की प्रयोगात्मक परीक्षाएं जिले के सभी स्कूलों में कड़ी निगरानी के बीच शुरू हो गई हैं। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए बोर्ड ने प्रत्येक स्कूल पर ऑब्जर्वर तैनात किए हैं। कक्षा 10वीं के 12 हजार व कक्षा 12वीं के 10 हजार छात्र-छात्राएं शामिल हैं। 14 फरवरी तक स्कूलों में प्रयोगात्मक परीक्षाएं चलेंगी। 17 फरवरी से मुख्य परीक्षाएं शुरू हो जाएंगी।
दिल्ली पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य डीएस यादव ने बताया कि परीक्षा के दौरान प्रत्येक बैच की जियो-टैग ग्रुप फोटो और छात्रों के अंक उसी दिन बोर्ड के पोर्टल पर अपलोड किए जाएंगे। इसके अलावा 17 फरवरी से शुरू होने वाली लिखित परीक्षाओं की तैयारियां भी तेज हो गई हैं। नोडल अधिकारियों ने जिले के सभी परीक्षा केंद्रों को समय रहते प्रबंध पूरे करने के निर्देश दिए हैं। सीबीएसई की विशेष टीम जल्द ही जिले के परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण करेगी।