अब कंपार्टमेंट के साथ होगी इंप्रूवमेंट परीक्षा
बुलंदशहर। सीबीएसई के छात्र-छात्राओं के लिए एक अच्छी खबर है। एक विषय में कम अंक आने पर इंप्रूवमेंट परीक्षा देने के लिए अब एक साल का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। कंपार्टमेंट परीक्षा के साथ ही इंप्रूवमेंट परीक्षा कराई जाएगी। इसका आदेश सीबीएसई से आ गया है।
सीबीएसई बोर्ड में कक्षा 10वीं और 12वीं की परीक्षा में यदि किसी छात्र-छात्रा के एक विषय में कम अंक आते हैं तो वह इंप्रूवमेंट परीक्षा देने के लिए आवेदन करते हैं। अब इन छात्रों की परीक्षा दूसरे सत्र में होने वाली परीक्षा के साथ होती थी। इससे छात्र-छात्राओं को एक साल का इंतजार करना पड़ता था, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। सीबीएसई ने इसमें संशोधन कर दिया है। एक विषय में फेल होने वाले छात्रों को कंपार्टमेंट परीक्षा के साथ इंप्रूवमेंट परीक्षा भी कराई जाएगी। अभी तक कंपार्टमेंट की परीक्षा जुलाई माह में होती थी। इस बार बोर्ड परीक्षा के बाद जब कंपार्टमेंट परीक्षा होगी, उसी के साथ इंप्रूवमेंट परीक्षा कराई जाएगी। दिल्ली पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य ने बताया कि सीबीएसई से इस संबंध में आदेश आ गया है। अब छात्रों को इंप्रूवमेंट परीक्षा देने के लिए एक साल का इंतजार नहीं करना होगा।