गाजियाबाद। गुलजार कॉलोनी निवासी महिला ने अपने पति की दूसरी पत्नी के बेटों पर घर में घुसकर मारपीट करने और तमंचे तानकर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। आरोप है कि घर के नीचे की दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे और ताला भी तोड़ दिया। एसीपी उपासना पांडेय ने बताया कि मामले में पुलिस आयुक्त के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आठ नामजद समेत 11 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
घटना नगर कोतवाली क्षेत्र के नया बस अड्डा के पीछे स्थित कॉलोनी की है। पीड़िता नजरीन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी शादी वर्ष 1996 में मुस्लिम रीति रिवाज से खलील निवासी 307 ए कैलाश नगर थाना विजयनगर के साथ हुई थी। उसकी दो बेटियां और एक बेटा है। शुरुआत में अपने परिवार के साथ सुखपूर्वक जीवन यापन कर रही थी, लेकिन बाद में पीड़िता को पता चला कि पति खलील ने उसे धोखे में रखकर अपनी पहली पत्नी के अस्तित्व को छिपाते हुए उससे निकाह किया था। इस बात को लेकर परिवार में निरंतर विवाद रहने लगा।
पहली पत्नी के पुत्र आए दिन घर में झगड़ा-फसाद करते रहते थे। समय बीतने के साथ पीड़िता के पति ने उसके साथ मारपीट, मानसिक उत्पीड़न तथा अपमानजनक व्यवहार किया। वर्ष 2017 में तलाक हो गया। खलील ने गुलजार कॉलोनी, नई बस अड्डा के पीछे, गाजियाबाद की संपत्ति उसे दी थी। इसी के किराये से जीवन यापन कर रही है। खलील व उसकी पहली पत्नी अंसारा के बेटों गुलजार, अनस, आमिर, सलमान और उनके साथी वसीम, फिरोज, रियाजुद्दीन निवासी कैलाश नगर थाना विजयनगर व अब्दुल वाहिद निवासी धौलाना, हापुड़ व मुस्तकीम, दिलशाद समेत अन्य अज्ञात ने पीड़िता को संपत्ति से बेदखल करने के लिए एकराय होकर हाथों में तमंचे, लोहे की रॉड, हथोड़े आदि के साथ दुकान पर पहुंचे तथा दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए। दुकानों के ताले तोड़ने शुरू कर दिए। गाली गलौज करना शुरू कर दिया। विरोध करने पर घर में घुसकर महिलाओं को मारापीटा व जान से मारने की धमकी दी। मामले में कोतवाली पुलिस ने 11 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।