मोदीनगर। भोजपुर के कस्बा फरीदनगर में चोरों ने बंद दुकान का ताला तोड़कर इन्वर्टर और पंखें व अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का सामान बरामद किया है।
कस्बा फरीदनगर निवासी सुमित सैन की कस्बे में इलेक्ट्रॉनिक और इन्वर्टर बैटरी की दुकान है। सुमित की शिकायत के अनुसार वह रविवार को ग्राहक के साथ काम पर चले गए। आरोप है कि इसी दौरान चोरों ने वहां से इन्वर्टर व पंखों के अलावा अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा ने बताया कि पुलिस टीम ने चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी के इन्वर्टर और पंखें बरामद किए। पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों के नाम सागर चौधरी निवासी ग्राम अखाड़ा और तुषार निवासी गांव अमराला बताया है।