गुलावठी। थाना क्षेत्र के मोहल्ला बुद्धे खां निवासी एक व्यक्ति के खाते से 2.97 लाख रुपये निकल गए। इस बात की जानकारी पीड़ित को बैंक जाने पर हुई। पीड़ित के मुताबिक उनका डेबिट कार्ड और चेकबुक उनके पास हैं। साथ ही उन्होंने किसी को अपने खाते की जानकारी भी नहीं दी। उन्होंने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। साइबर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मोहल्ला बुद्धे खां निवासी सोनू कुमार ने तहरीर दी। बताया कि उनका नगर के ही एक बैंक में बचत खाता है। बीते दिनों वह बैंक में अपनी पासबुक चढ़वाने के लिए गए थे। इस दौरान उन्हें जानकारी मिली कि अज्ञात शातिर साइबर ठगों ने उनके खाते से कुछ दिन पूर्व 2.97 लाख रुपये की रकम निकाल ली है। पीड़ित ने बताया कि उनका डेबिट कार्ड और चेक बुक उनके पास हैं। उन्होंने न तो खुद रकम निकाली है और न ही किसी को अपना एटीएम कार्ड या कोई चेक दिया है।
पीड़ित ने बताया कि उन्होंने किसी को अपने खाते की जानकारी भी नहीं दी है। पीड़ित की शिकायत पर थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। सीओ सिकंदराबाद भास्कर मिश्रा ने बताया कि मामले में साइबर टीम को जांच के लिए लगाया गया है। जल्द ही वारदात का खुलासा कर दिया जाएगा।