औरंगाबाद गांव भावसी में सोमवार की देर रात एक प्रत्याशी ने बूथ पर तैनात एक दरोगा सहित चार पुलिसकर्मियों को शराब पिलाकर नशे में धुत्त कर दिया।
प्रतिद्वंदी प्रत्याशी ने एसएसपी से शिकायत की। एसपी सिटी नशे में धुत पुलिसकर्मी को थाने ले आए । इधर पुलिस ने शिकायतकर्ता को भी हिरासत में ले लिया।
इस पर गुस्साए ग्रामीणों ने थाने पर हंगामा किया। प्रत्याशी को छोड़ने पर ही ग्रामीण शांत हुए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मंगलवार को होने वाले चुनाव को लेकर एक दरोगा सहित चार पुलिसकर्मी गांव भावसी के प्राथमिक विद्यालय पर ड्यूटी के लिए पहुंचे।
इस दौरान प्रधान पद के प्रत्याशी ने पुलिस कर्मियों को शराब पिलाकर नशे में धुत्त कर दिया। प्रतिद्वंद्वी प्रत्याशी ने इसकी शिकायत एसएसपी अनंतदेव तिवारी से फोन पर की।
एसएसपी ने एसपी सिटी को मौके पर भेजकर मामले की सच्चाई का पता लगाने के निर्देश दिए। देर रात एसपी सिटी गांव भावसी पहुंचे और सभी पुलिस कर्मियों को शराब के नशे में पाया।
एसपी सिटी ने औरंगाबाद थाने को फोन कर मामले की जानकारी दी। सूचना पर एसओ औरंगाबाद पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। एसपी सिटी नशे में धुत पुलिस कर्मियों को थाने ले आए।
आरोप है कि थाना पुलिस शिकायतकर्ता प्रत्याशी हरेंद्र को हिरासत में लेकर थाने ले आई और मामले को दबाने का प्रयास करने लगी। प्रधान प्रत्याशी को हिरासत में लेने से गुस्साए ग्रामीण एकत्रित होकर रात 11 बजे थाने पर पहुंचे।
प्रत्याशी को छुड़ाने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने थाना परिसर में हंगामा करना शुरू कर दिया। पूर्व प्रधान रोहताश और ग्राम प्रधान रामप्रसाद, प्रेमराज, धीरू शर्मा, प्रेमपाल, नरेन्द्र, कालू, प्रदीप, धीरज, सतवीर ने बताया कि नशे में धुत पुलिस कर्मियों को बूथ से हटा दिया गया।
शराब के नशे में धुत्त दरोगा जहांगीराबाद थाने का बताया जाता है। एसओ औरंगाबाद बीएस बिसारे ने मामले की जानकारी से अनभिज्ञता जताई है।