ग्राम प्रधान और सदस्यों चुनाव में खुर्जा और पहासू ब्लाक में कई जगह विवाद हुआ। अगवाल में फायरिंंग भी हुई। पढ़ा गांव में भिड़ंत से छह जख्मी हो गए।
किला मेवई में शराबियों के हंगामे ने सरकारी अमले को सकते में ला दिया। अच्छेजा खुर्द में मतदान केंद्र से भीड़ हटाने के पुलिस को डंडे फटकारने पड़े।
खुर्जा ब्लाक के अगवाल गांव में सुबह गांव में निकले दो प्रत्याशियों के बीच विवाद हो गया। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर मतदाताओं को प्रलोभन देने का आरोप लगाते हुए मारपीट और हवाई फायरिंग की।
मारपीट में दोनों तरफ दस लोग घायल हो गए। शनिवार तड़के अगवाल गांव में प्रधान पद के एक प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ गांव में घूम रहे थे। इसी दौरान दूसरे पक्ष के प्रत्याशी भी पहुंच गए।
ग्रामीणों की मानें तो दोनों पक्षों के लोगों ने आरोप लगाया कि वह मतदाताओं को अपने पक्ष में वोट डालने के लिए प्रलोभन के रूप में कुछ न कुछ बांट रहे हैं।
ग्रामीणों के मुताबिक इस बात को लेकर दोनों पक्षों में लाठी-डंडे निकल आए और मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान हवाई फायरिंग की गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह दोनों पक्षों को शांत करवाया।
लेकिन किसी ने रिपोर्ट नहीं लिखाई। एसपी का कहना है कि इस तरह की घटना की जानकारी नहीं हैं। खुर्जा ब्लाक के ही किला मेवई गांव दुपहर में प्राथमिक विद्यालय में बने बूथ पर शराब के नशे में चार लोग पहुंचे और हंगामा करना शुरू कर दिया।
इससे वोट डालने आए मतदाताओं में अफरातफरी मच गई। मौके पर मौजूद पुलिस ने हंगामा कर रहे शराबियों को जमीन पर लाठी फटकार कर खदेड़ा। एडीम वित आर के सिंह पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे।
विवाद पैदा करने वालों पर सख्ती कार्रवाई करने के निर्देश पुलिस को दिए। तब मतदाताओं ने वोटिंग शुरू की। खुर्जा ब्लाक के गांव अच्छेजा खुर्द में भी मतदान केंद्र पर भीड़ को पुलिस ने डंडे फटकारकर भगाया।