जिला अस्पताल का ऑपरेशन कक्ष में खराब पड़ी सी-आर्म मशीन। संवाद
बुलंदशहर। कल्याण सिंह राजकीय मेडिकल कॉलेज से संबद्ध जिला अस्पताल के ऑपरेशन कक्ष में 27 दिन से सी-आर्म मशीन खराब पड़ी है। मशीन को सही करने आए इंजीनियर ने मशीन को कबाड़ घोषित कर दिया है। ऐसे में अस्पताल में हड्डी के जटिल ऑपरेशन बंद हो गए हैं। नई सी-आर्म मशीन के लिए अस्पताल प्रशासन ने मेडिकल कॉलेज की प्रधानाचार्य को पत्र भेजा है।
अस्पताल में 16 जून को मशीन खराब हो गई। इसके बाद इंजीनियर को बुलाया गया लेकिन मशीन सही नहीं हो सकी। मशीन खराब होने के चलते हड्डी के डॉक्टर 27 दिन से कोई बड़ा ऑपरेशन नहीं कर पा रहे हैं। जबकि पूर्व में प्रतिदिन पांच से छह हड्डी के ऑपरेशन होते थे। ऐसे में जटिल ऑपरेशन वाले मरीजों को हायर सेंटर रेफर किया जा रहा है।