उपचुनाव: क्षेत्र में काम करने वाला हो विधायक
बुलंदशहर। सदर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव की तैयारी में राजनैतिक दल जोर-शोर से प्रचार करने में जुट गए हैं। दलों के वरिष्ठ पदाधिकारियों से लेकर प्रत्याशी सभी जनता को दावे और वादे का लुभाने की कोशिश कर रहे हैं।
दूसरी ओर क्षेत्र में अपने नए विधायक को चुनने के लिए लोगों के भी चर्चाओं के बाजार गरम होने लगे हैं। वोटर अपने-अपने विचारों और कयासों के आधार पर विधायक को चुनने की चर्चाएं कर रहे हैं। वहीं, अमर उजाला ने शुक्रवार को क्षेत्र के युवाओं से बातचीत की और उनसे जाना कि उनका सदर विधायक कैसा होना चाहिए।
विधायक ऐसा होना चाहिए जो युवाओं की समस्याओं को समझे, उन्हें सुलझाए। इसके अलावा विकास के मुद्दे के साथ शिक्षा और रोजगार के मुद्दे को सरकार तक पहुंचाएं। - खुशी सिंह, नया गांव, छात्रा।
मानसिक रूप से युवा सोच वाला विधायक होना चाहिए। जनता के हित के फैैसले लेने वाला हो। साथ ही जनता के हक के लिए हमेशा तत्पर रहने वाला हमारा विधायक बनना चाहिए। - अक्षय कुमार, यमुनापुरम, छात्र।
विधायक ऐसा होना चाहिए, जो जनता से जुड़ा हो। जिससे जनता को संवाद स्थापित करने के लिए ज्यादा परेशानियों का सामना न करना पड़े। जीतने के बाद आम जनता से जुड़ा रहे। - यशिका चौधरी, मोहल्ला टांडा, छात्रा।
तेज तर्रार विधायक का चुना जाना ही आवश्यक है। जो कि विधानसभा में भी जाकर अपनी बात को पूरे प्रभाव के साथ रख सके। साथ ही जनता के हितों को मजबूती से रख सके। - ध्रुवजीत सिंह, आवास विकास द्वितीय, छात्र।