जातीय समीकरण के सहारे सभी दलों के प्रत्याशी
बुलंदशहर। सदर सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए प्रचार-प्रसार रविवार शाम छह बजे से थम गया। अब चुनाव प्रचार से मुक्त होकर सभी दलों के प्रत्याशी और समर्थक जातीय समीकरण का हिसाब-किताब लगाने में जुट गए हैं। सभी दलों के प्रत्याशी अपनी जीत का दावा कर रहे हैं।
जिला निर्वाचन आयोग के आंकड़े के अनुसार जनपद की सदर विधानसभा पर कुल 388506 मतदाता हैं। जिनमें से सदर सीट पर मुस्लिम मतदाताओं की संख्या 33. 61 प्रतिशत है। वहीं, एससी-एसटी वोटर 17.82 फीसदी हैं। ओबीसी वर्ग के सदर विधानसभा सीट पर कुल 31.65 फीसदी वोटर हैं। जिसमें जाट 11.29 फीसदी, लोधी समाज 8.07 प्रतिशत और गुर्जर समाज के 4.84 फीसदी मतदाता हैं। जबकि, 7.45 प्रतिशत में अन्य समाज के लोग हैं। उधर, सामान्य वर्ग में कुल 16.92 फीसदी मतदाता हैं। जिसमें 5.92 फीसदी वैश्य, 6.72 फीसदी राजपूत और 3.67 फीसदी मोना राजपूत हैं। वहीं, 0.61 फीसदी में अन्य सामान्य वर्ग के मतदाता शामिल हैं। सभी दलों के प्रत्याशी इन आंकड़ों के सहारे अपनी नैया पार लगने के लिए गुणा भाग में जुट गए हैं।
जनपद में चुनाव प्रचार के क्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, गन्ना मंत्री सुरेश राणा, व्यवसायिक शिक्षा और कौशल विकास मंत्री कपिलदेव अग्रवाल, परिवहन व संसदीय कार्य मंत्री/जनपद के प्रभारी मंत्री अशोक कटारिया, राज्य मंत्री अनिल शर्मा समेत भाजपा के कई दिग्गजों ने पूरी ताकत झोंक दी। वहीं, सपा-रालोद के गठबंधन प्रत्याशी प्रवीण कुमार सिंह के समर्थन में रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अजित सिंह ने किसान महापंचायत की। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू, राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट, आसपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर, बसपा के पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रभारी शमशुद्दीन राइन और राष्ट्रवादी जनलोक पार्टी सत्य के संयोजक शेर सिंह राणा ने अपने प्रत्याशी पृथ्वीराज के समर्थन में लोगों से वोट की अपील की। वहीं, अन्य छोटे दलों और निर्दलीय उम्मीदवाराें ने भी प्रचार में जमकर पसीना बहाया।
राज्यसभा चुनाव के दौरान बिगड़े राजनैतिक समीकरण के बाद बसपा सुप्रीमो का बयान और उपचुनाव में प्रचार को लेकर तीन दलों के बीच हुई खींचातान भी जनपद में चर्चा का विषय बना हुआ है। गौरतलब है कि एआइएमआइम प्रत्याशी व आसपा प्रत्याशी और उनके समर्थकों के बीच हुई झड़प और बसपा द्वारा आसपा पर लोगों को गुमराह करने के आरोप के बीच सदर विधानसभा के लोग जमकर चुटकी ले रहे हैं। हर चौराहे और नुक्कड़ पर लोग इस खींचातानी में अन्य दलों को फायदा होने की बात कहने से भी गुरेज नहीं कर रहे हैं।