150 रुपये में मिलेगी चुनावी भोजन की थाली
बुलंदशहर। बुलंदशहर सदर सीट पर होने वाले उपचुनाव में प्रत्याशियों के चाय, पानी पर चुनाव आयोग की खास नजर रहेगी। आयोग ने खान-पान व्यवस्था में सभी खाद्य पदार्थों के रेट तय कर दिए हैं। यही रेट चुनावी खर्च में जुड़ेंगे। रसगुल्लों की कीमत 15 तो एक कप चाय की कीमत 10 रुपये रखी है। भोजन की थाली का रेट अधिकतर 150 रुपये तक रखा है।
चुनाव प्रचार के दौरान वोटरों को चाय, नाश्ता कराना भी प्रत्याशी के खर्चे में जुड़ेगा। आयोग ने मिठाई से लेकर नमकीन और पानी से लेकर कोल्डड्रिंक तक के रेट तय कर दिए हैं। जिसमें एक रसगुल्ले का रेट 15 रुपये है तो समोसा सात से 10 रुपये में जोड़ा जाएगा। मठरी पांच रुपये व चाय दस रुपये में लगेगी। एक लीटर पानी 20 रुपये, 500 एमएल 10 रुपये और 250 एमएल सात रुपये की होगी। लंच के पैकेट जिसमें पूरी और सब्जी होगी उसके 40 रुपये लगेंगे। एडीएम वित्त एवं राजस्व और चुनाव के व्यय अनविक्षण अधिकारी मनोज कुमार सिंघल ने बताया कि प्रत्याशियों द्वारा कराए जाने वाले नाश्ता, चाय या भोजन के निर्धारित रेट चुनाव खर्च में जोड़े जाएंगे। वहीं, साइकिल प्रचार पर 30 और बाइक के 450 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से खर्च जुड़ेगा। अन्य वाहनों में जीप 1174 रुपये, टेंपो 700 रुपये, ट्रक 4500 रुपये, मैजिक 700 रुपये, सूमो क्यालिस 1500 रुपये, रिक्शा 350 रुपये, आटो थ्री व्हीलर 700 रुपये, इनोवा 1836 और फार्च्यूनर 2100 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से जुड़ेंगे।
थाली का हिसाब दो तरीके से होगा
व्यय अनविक्षण अधिकारी मनोज कुमार सिंघल ने बताया कि थाली दो प्रकार की होगी जिसमें मांसाहारी और शाकाहारी है। बताया कि शाकाहारी थाली का 80 रुपये प्रति थाली के हिसाब से जुड़ेगा और मांसाहारी का 150 रुपये के हिसाब से जुड़ेगा।