88 में से 68 क्रय केंद्रों पर अभी भी गेहूं की खरीद शुरू नहीं हुई है। बता दें कि गेहूं कटाई थ्रेशिंग का पीक समय शुरू हो गया है। जिला विपणन अधिकारी के मुताबिक मंडियों में जो केंद्र हैं उन पर ही गेहूं की खरीद हो रही है, बाकी जो केंद्र गांवों में हैं उन पर गेहूं की खरीद शुरू नहीं हुई है।
जनपद में गेहूं की सरकारी खरीद करने के लिए 88 केंद्रों का गठन किया गया है। शनिवार तक 88 केंद्रों में से 68 केंद्रों पर गेहूं की तुलाई शुरू नहीं हुई है। मात्र 20 केंद्रों पर गेहूं की खरीदारी हुई है। एक अप्रैल से अब तक 120 एमटी गेहूं खरीदा गया है। बता दें कि 15 मई तक मार्केटिंग विभाग को 1.53 लाख मीट्रिक टन गेहूं की खरीद करवानी है।
खरीदारी की रस्तार सुस्त रही तो गेहूं का लक्ष्य समय रहते कैसे पूरा होगा। वहीं, आरएमओ जीएस तेवतिया ने मंडियों में चल रहे क्रय केंद्रों पर छापेमारी की। स्याना में गेहूं खरीद नहीं मिली। अनूपशहर का भी स्याना जैसा ही हाल रहा। अनूपशहर में भी गेहूं खरीदारी शुरू नही होने से किसानों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
जहांगीराबाद मंडी में पीएसएफ के एक केंद्र पर गेहूं की खरीद शुरू नहीं हुई जबकि एफसीआई के केंद्र पर तुलाई चलती मिली। गेहूं की खरीद नहीं होने से खफा आरएमओ ने डिप्टी आरएमओ और कर्मचारियाें को खरी-खरी सुनाई और गेहूं खरीद शुरू करने का आदेश दिया।