बुलंदशहर। दिवाली त्योहार के बाद शुक्रवार को बड़ी संख्या में लोग अपने कार्यस्थल की ओर लौटने लगे। यात्रियों की भीड़ रोडवेज बस स्टैंड एवं चौक चौराहों पर उमड़ी तो उप्र परिवहन निगम द्वारा किए गए इंतजाम कम पड़ गए। कुछ स्थानों पर यात्रियों को बसों के आने का इंतजार करना पड़ा तो बस स्टैंड पर जो भी बस आती उसमें चढ़ने को यात्री टूट पड़ते। बस खाली न होने पर सीटों के लिए मारामारी मची रही।
पांच दिवसीय दीपोत्सव को मनाने के लिए दूर-दराज रहने वाले जनपद निवासियों के आने पर जहां रोडवेज बसों के साथ निजी बसों में भारी भीड़ रही। तो वहीं, अब दीपोत्सव संपन्न होने के बाद कार्यस्थल पर लौटने का सिलसिला शुरू हो गया है। इसके चलते बसों में भीड़ का क्रम जारी है। भाई दूज के दूसरे दिन भी परिवहन निगम की व्यवस्थाएं धड़ाम रही। ऐसे में पिछले कई दिनों से यात्रियों को यातायात के दौरान परेशानियों से जूझना पड़ रहा है जो अभी भी सही प्रकार से बहाल नहीं हो सकी।
ऐसे में यात्रियों को रोडवेज बस अड्डे पर आने के बाद भी बसों में सीट नहीं मिल रही है तो वहीं, शिकारपुर बाईपास, डीएवी तिराहा, वलीपुरा, भूड़ चौराहा, स्याना बस अड्डा और अनूपशहर बस अड्डे पर बसों के लिए काफी समय तक इंतजार करना पड़ा।
बदायूं, अलीगढ़ और अनूपशहर की ओर जाने के लिए यात्रियों को 40 से 60 मिनट तक इंतजार करना पड़ा। यात्रियों की भारी भीड़ होने के कारण बसें खचाखच भरी नजर आई। वहीं, रोडवेज बस अड्डे पर बसों के आते ही यात्रियों की भीड़ टूट पड़ती। इस दौरान महिलाएं, बच्चे और बुजुर्गों को बस में चढ़ने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी।
साथ ही पहले बस में चढ़ने और सीट पर बैठने को लेकर काफी यात्रियों में नोकझोंक भी हुई। अनूपशहर अड्डे पर खड़े यात्री वीरपाल सिंह ने बताया कि करीब 40 मिनट से रोडवेज बस के आने का इंतजार कर रहा हूं।
डीएवी तिराहे पर खड़ी रेखा ने बताया कि वापस अपने घर जाने के लिए बच्चों संग खड़ी हूं। बदायूं के लिए देरी से बस आ भी रही है तो वह पहले से ही फुल होकर आ रही है। बच्चों एवं सामान साथ लेकर कैसे चढ़ना होगा। भूड़ चौराहे पर बस के इंतजार में खड़े यात्री पिंटू और तरुण कुमार ने बताया कि दिल्ली जाने के लिए खड़े हैं। लेकिन जो भी बस आती है वह पहले से ही भरी होती है।