बुलंदशहर। बंटी-बबली फिल्म की तर्ज पर पंडित ज्वेलर्स के शोरूम से सोने का सेट चोरी करने वाले शातिर महिला और पुरुष को पुलिस ने राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया है। दोनों पति-पत्नी की तरह रहते थे और ग्राहक बनकर देश के अलग-अलग इलाकों में वारदात करते थे।
26 सितंबर को दोनों ग्राहक बनकर शोरूम पहुंचे थे। उनकी निशानदेही पर चोरी किए गए हार को बेचकर प्राप्त हुए चार लाख रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं। दोनों आरोपी देश के कई राज्यों में बड़े शोरूम को निशाना बना चुके हैं।
एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि 26 सितंबर 2025 को डीएम रोड स्थित पंडित ज्वेलर्स की दुकान पर एक महिला और व्यक्ति ग्राहक बनकर आए थे।
दोनों ने बातों में उलझाकर बड़ी चालाकी से सोने का सेट चोरी कर लिया था। इस संबंध में थाना कोतवाली नगर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। घटना के खुलासे के लिए पुलिस की कई टीमें लगी थीं।
जांच और विवेचना के दौरान कोतवाली नगर पुलिस ने इस शातिर जोड़ी की पहचान पूनम निवासी गांव नरोडा अहमदाबाद, गुजरात और उसके पति कमलेश भाई रंगवाडी निवासी ए1 सोमनाथ कॉम्प्लेक्स अहमदाबाद, गुजरात के रूप में की। जिसके बाद पुलिस ने दोनों को मानक चौक, जयपुर (राजस्थान) से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में पूनम ने बताया कि वह और कमलेश पिछले करीब 20 वर्षों से पति-पत्नी के रूप में साथ रह रहे हैं। वह पहले अहमदाबाद में शराब बेचने का काम करती थी, जिसके बाद वह कमलेश के संपर्क में आई और दोनों ने मिलकर देशव्यापी चोरी की वारदातों को अंजाम देना शुरू कर दिया।
दोनों ने खुलासा किया कि वे मुंबई, अहमदाबाद, चंडीगढ़, जम्मू-कश्मीर, मैनपुरी सहित अन्य जगहों पर घूम-घूमकर बड़ी ज्वेलरी की दुकानों को चिन्हित करते थे। दुकान पर जाकर वे महिला कर्मचारियों से सोने के जेवरात दिखाने को कहते और उन्हें बातों में उलझाकर मौका पाते ही चोरी कर भाग जाते थे।
बुलंदशहर में पंडित ज्वेलर्स के यहां से सोने का जो सेट चोरी किया गया था, उसे भी उन्होंने राजस्थान में एक दलाल को चार लाख रुपये में बेच दिया था। पुलिस ने यही चार लाख रुपये उनके कब्जे से बरामद किए हैं।