लोनी। कोतवाली क्षेत्र के बंथला पेट्रोल पंप के पास कार सवार चार दबंगों ने बाइक सवार युवक के साथ मारपीट की। मारपीट में बाइक सवार चोटिल हो गया। बाइक सवार ने मामले की शिकायत पुलिस से की है। जुनेद निवासी राशिद कॉलोनी बागपत ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह दिलशाद गार्डन से आ रहा था। जैसे ही वह बंथला पेट्रोल पंप के सामने पहुंचे तभी बिना नंबर की सफेद रंग की कार ने रोक लिया। कार में चार लोग सवार थे। चारों कार सवार उन्हें कहने लगे कि तुम्हारी बाइक की तीन किस्त बाकी हैं। कार सवार ने अपना नाम अमित डगरपुर बताया। वह गाली गलौज करने लगे, विरोध करने पर लाठी-डंडों से मारपीट की। एसीपी लोनी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि मामले में शिकायत के आधार पर एक नामजद समेत चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।