सिकंदराबाद लॉकर से चोरी किए गए सामान के बारे में जानकारी देती पीड़िता। संवाद
सिकंदराबाद। त्योहार पर पुलिस की सतर्कता और गश्त के बीच नगर के सिद्धार्थ नगर मोहल्ला खत्रीवाड़ा में दिनदहाड़े रेस्तरां के मालिक के बंद मकान का ताला तोड़कर दस लाख रुपये की नकदी और करीब 50 लाख रुपये की कीमत के आभूषण चोरी होने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सिद्धार्थ नगर मोहल्ला खत्रीवाड़ा निवासी सचिन सिंह ने बताया कि मोहल्ले में ही उनका एसएम के नाम से रेस्तरां है। इसके ऊपर ही उनका आवास है। तीन नवंबर को वह परिवार के साथ दिवाली की खरीदारी करने गाजियाबाद गए थे। मकान पर ताला लगाकर दोपहर करीब 2ः30 बजे वह परिवार के साथ घर से निकले थे। रात में जब वह वापस लौटे थे तो मकान, कमरों, अलमारियों के ताले टूटे मिले। बताया कि उन्होंने प्लॉट खरीदने के लिए दस लाख रुपये लाकर घर की अलमारी में रखे थे। घर का सामान चेक करने पर घर में रखी दस लाख की नकदी और 100 ग्राम का सोने का सिक्का, 14 सोने की अंगूठियां, छह सोने की चेन, एक सोने का हार, चार सोने के कड़े, चार जोड़ी सोने के कुंडल और करीब ढाई किलोग्राम चांदी के गहने गायब मिले।
पीड़ित ने रेस्तरां में काम करने वाले कर्मचारियों पर ही चोरी की साजिश रचने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि रेस्तरां में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच करने पर रेस्तरां में काम करने वाले कर्मचारी हरिनाथ उर्फ हरिया, हरिओम सैनी और चिंटू, मनीष, हेमंत की भूमिका संदिग्ध पाई गई। आरोप है कि सभी ने मिलकर योजना बनाई और उनके जाने के बाद दोपहर करीब 3ः30 बजे ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित ने कर्मचारी मनीष की पत्नी की भूमिका भी संदिग्ध बताई है। वहीं, घटना में बाहरी लोगों के शामिल होने की भी आशंका व्यक्त की है।
एएसपी प्रेमसुख दड़िया का कहना है कि पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस रेस्तरां के कर्मचारियों से पूछताछ कर रही है। सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस जांच कर रही है। घटना का जल्द खुलासा किया जाएगा।