युवकों की जेब से दो लाख निकालने वाले सिपाही निलंबित
बुलंदशहर। देहात कोतवाली की नई मंडी चौकी में तैनात एक हेड कांस्टेबल और एक सिपाही को एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने निलंबित कर दिया है। उन पर आरोप है कि वह नगर कोतवाली क्षेत्र में पहुंचे और दो लोगों को डरा-धमकाकर लाखों रुपये की अवैध वसूली की। इस मामले की शिकायत एसएसपी से की गई। जिसके बाद एसएसपी ने एसपी क्राइम को जांच सौंपी। एसपी क्राइम की जांच में आरोप सही पाए गए। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद एसएसपी ने कार्रवाई की। वहीं, विभागीय जांच के भी आदेश दिए है।
नई मंडी चौकी में तैनात हेड कांस्टेबल ओमवीर सिंह और सिपाही प्रदीप कुमार 16 जनवरी को दूसरे थानाक्षेत्र नगर कोतवाली के मोहल्ला मोहनकुटी में पहुंचे। यहां पर उन्होंने जुआ खेल रहे कुछ लोगों को पकड़ लिया। इसके बाद सड़क पर खड़े दो युवकों को भी पकड़ लिया, जबकि वह जुआ नहीं खेल रहे थे। इन युवकों में से एक की जेब से सवा लाख रुपये और दूसरे की जेब से 50 हजार रुपये निकाल लिए। दोनों युवकों ने कहा कि वह अपने काम से मोहनकुटी में आए हैं और उनका जुआ खेलने से कोई मतलब नहीं है, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उनके पैसे वापस नहीं किए। हालांकि, दोनों युवकों को नहीं पकड़ा। इस मामले की शिकायत दोनों युवकों ने गोपनीय रूप से एसएसपी से की। एसपी क्राइम शिवराम यादव ने जांच के दौरान दोनों पुलिसकर्मियों के बयान लिए। वहीं, दोनों पीड़ितों को भी पुलिसकर्मियों के सामने बुलाया गया। पुलिसकर्मियों को जब धमकी दी गई कि मौके से सीसीटीवी फुटेज निकलवाई जाएगी तो पुलिसकर्मियों ने पैसा लेने की बात को स्वीकार कर लिया। एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि एसपी क्राइम की जांच रिपोर्ट के आधार पर सस्पेंड की कार्रवाई की गई है।