वीरखेड़ा में शव मिलने की सूचना पर जांच करते निरीक्षक सूरज सिंह, अन्य पुलिस कर्मी। अमर उजाला
- फोटो : SIKANDRABAD
दिल्ली से लापता एलआईसी एजेंट की हत्या, बंबे में मिला शव
सिकंदराबाद। दिल्ली के रोहिणी निवासी एलआईसी एजेंट की हत्या कर शव को बंबे में फेंक दिया। शुक्रवार को एजेंट का शव कोतवाली क्षेत्र के गांव वीरखेड़ा स्थित बंबे मेें मिला। पुलिस ने मृतक के जेब में मिले आधार कार्ड के आधार पर परिजनों को सूचना दी। सूचना पर मोर्चरी पहुंचे परिजनों ने शव की शिनाख्त की। पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया जाएगा।
शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने कोतवाली क्षेत्र के गांव वीरखेड़ा में बंबे के पुल में एक शव को अटके हुए देखा। ग्रामीणों ने पुलिस को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया। एसआई उजेंद्र सिंह ने बताया कि मृतक के हाथ-पांव बंधे हुए थे और उसके गले पर निशान बना हुआ था। संभवत: उसकी गला घोंटकर हत्या हुई होगी। बताया कि तलाशी के दौरान मृतक की जेब में आधार कार्ड मिला। आधार कार्ड पर मृतक का नाम दीपक दुआ (59 वर्ष) पुत्र गुरवचन लाल दुआ निवासी 53 धर्मकुंज अपार्टमेंट सेक्टर रोहणी दिल्ली लिखा हुआ था। आधार कार्ड पर मिले पते के आधार पर परिजनों को सूचना दी गई। सूचना पर परिजनों के साथ मौके पर पहुंचे मृतक के बेटे आदित्य दुआ ने शिनाख्त अपने पिता के रूप में की। आदित्य ने बताया कि उसके पिता एलआईसी में एजेंट थे और वह गत छह जनवरी से लापता थे। इस संबंध में उन्होंने छह जनवरी को ही थाना रोहणी में अपने पिता की गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद शव को परिजनों के सुपुर्द किया जाएगा। परिजनों की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। अभी तक मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है। - सूरज सिंह, कार्यवाहक कोतवाली प्रभारी निरीक्षक