मिलावटी पेट्रोल बिक्री की सूचना पर जिले भर में छापे, मचा हड़कंप
बुलंदशहर। रविवार को जिला पूर्ति अधिकारी समेत आधा दर्जन से अधिक टीमों ने पेट्रोल पंप पर छापा मार अभियान चलाया। इस दौरान जिले के 11 पेट्रोल पंप पर पहुंचकर टीम ने सैंपल लिए। इस कार्रवाई से पंप संचालकों में हड़कंप मचा रहा। अफसरों का कहना है कि मिलावटी पेट्रोल-डीजल बेचने की शिकायत की गई थी।
बता दें कि जिले के कुछ पेट्रोल पंप द्वारा मिलावटी पेट्रोल और डीजल बेचा जा रहा है। जिसकी शिकायत लोगों द्वारा जिला प्रशासन से की गई थी। वहीं, मिलावटी पेट्रोल-डीजल का वाहन में प्रयोग करने से जिले का वायु प्रदूषण बढ़ रहा है। साथ ही अधिकांश पंप संचालकों द्वारा घटतौली भी की जा रही है। जिसकी शिकायत को संज्ञान में लेकर जिलाधिकारी रविंद्र कुमार द्वारा जिला पूर्ति अधिकारी को सभी पेट्रोल पंप का निरीक्षण कर जांच के आदेश दिए गए हैं। सभी उपजिलाधिकारी को टीम बनाकर भेजने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी के निर्देश पर रविवार को आधा दर्जन से अधिक टीमों ने जिलेभर में पेट्रोल पंप का औचक निरीक्षण कर पेट्रोल आदि की जांच की। साथ ही माप आदि भी की गई। इस दौरान टीम को अधिकांश पेट्रोल पंप पर कुछ खामियां मिली। जिसकी रिपोर्ट बना ली गई है। जिला पूर्ति अधिकारी केबी सिंह ने बताया कि टीम के साथ नगर के तीन पेट्रोल पंप पर जांच की गई। इस दौरान दो पेट्रोल पंप पर खामियां मिलने के साथ एक पेट्रोल पंप पर शौचालय पर ताला लटका हुआ मिला। साथ ही अन्य पेट्रोल पंप पर पेट्रोल का नमूना जांच के लिए लिया गया। बताया कि धुआं दे रहे वाहनों की और घटतौली की शिकायत पर डीएम के आदेश पर अभियान चलाया गया।