किशोरी की फोटो वायरल करने की धमकी देकर किया अपहरण
बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र निवासी एक किशोरी के अश्लील वीडियो व फोटो वायरल करने की धमकी देकर उसका अपहरण कर ले जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता के पिता की शिकायत पर नगर कोतवाली पुलिस ने दिल्ली निवासी एक आरोपी युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
नगर कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी व्यक्ति ने तहरीर देकर बताया कि उसकी 16 वर्षीय पुत्री गत 28 दिसंबर को घर से बाजार जाने की बात कह कर गई। लेकिन, वापस नहीं लौटी। परिजनों ने जब उसकी तलाश की तो कहीं कोई सुराग नहीं लगा। हालांकि, परिजनों को जानकारी हुई कि उनकी पुत्री अपने साथ घर में रखी 1.20 लाख रुपये की नकदी, जेवरात व अन्य सामान भी अपने साथ ले गई है। वहीं, बाद में परिजनों ने गहनता से उसकी खोजबीन की तो जानकारी हुई कि दिल्ली के ट्रानिका सिटी थाना क्षेत्र निवासी युवक समीर आभूषण उर्फ सद्दाम उनकी पुत्री के साथ सोशल नेटवर्किंग से जुड़ा हुआ है। आरोपी समीर के पास उनकी पुत्री के कुछ अश्लील फोटो व वीडियो भी हैं। आरोप है कि समीर ने उनकी पुत्री को धमकी दी थी कि वह उसके साथ नहीं गई तो वह उसकी अश्लील फोटो व वीडियो वायरल कर देगा। जिससे उसके मां-बाप कहीं मुंह दिखाने लायक नहीं बचेंगे। पीड़ित पिता की शिकायत पर नगर कोतवाली पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। हालांकि अभी तक आरोपी को पकड़ा नहीं जा सका है। न ही किशोरी को बरामद किया जा सका है। एसपी सिटी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही किशोरी को बरामद कर लिया जाएगा।