बाइक सवार दंपति को ट्रक ने मारी टक्कर, महिला की मौत
बुलंदशहर। भैया दूज पर्व की सुबह एक परिवार के लिए मातम बन कर आया। घर से पति के साथ मायके में भाइयाें का टीका करने बाइक से जा रही महिला को अनियंत्रित ट्रक ने रौंद दिया। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, महिला के पति को चोटें आई हैं। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार देहात कोतवाली की चोला चौकी क्षेत्र के गांव नैथला निवासी मिथलेश शर्मा(47) पत्नी सुभाष चंद शर्मा का गभाना थाना क्षेत्र के गांव सोंगरा में मायका है। मंगलवार को भैयादूज पवे के चलते सुबह वह अपने पति के साथ बाइक से गांव सोंगरा के लिए निकली थीं। बताया गया कि जब वह देहात कोतवाली से गुजर रहे एनएच 91 स्थित खुर्जा बाईपास के निकट पहुंचे तो पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने बाइक को रौंद दिया। हादसे में मिथलेश शर्मा की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, उनके पति को काफी चोटें आई हैं। हादसे के बाद आरोपी ट्रक चालक मौके से ट्रक लेकर भाग निकला। लेकिन, कुछ लोगों व पुलिस ने ट्रक को कुछ दूरी पर ही पकड़ लिया। जबकि, उसका चालक मौके से भाग निकला। देहात कोतवाल अखिलेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। जल्द ही उसे दबोच लिया जाएगा। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।