जिम्मेदार ही तोड़ रहे यातायात के नियम
बुलंदशहर। यातायात नियमों का पालन कर स्वयं सुरक्षित रहें और दूसरों को भी रखें। इसके लिए शासन के निर्देश पर लोगों को जागरूक करने के लिए सड़क सुरक्षा माह चलाया जा रहा है। इस दौरान पुलिस, परिवहन और यातायात विभाग लोगों को जागरूक करने के साथ नियम तोड़ने पर चालान काटने की कार्रवाई कर रहे हैं। वहीं, विभागीय कर्मी बिना हेलमेट और सीट बेल्ट के वाहनों को खुलेआम दौड़ा सड़क सुरक्षा माह का खुलेआम मजाक उड़ा रहे हैं।
सड़क सुरक्षा माह के पहले सप्ताह में ही जमकर यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। शहर में हेलमेट के प्रति जागरूकता है और न सीट बेल्ट के प्रति कोई सजग है। इसके बावजूद जिम्मेदार मौन हैं। यह हाल तब है जब बृहस्पतिवार को डीएम रविंद्र कुमार और एसएसपी संतोष कुमार द्वारा मुख्य चौराहा कालाआम पर सड़क सुरक्षा माह के तहत बाइक रैली का शुभारंभ किया। डीएम और एसएसपी की मौजूदगी के बावजूद यातायात नियमों का पालन होता हुआ नहीं मिला। इस दौरान एक बाइक पर तीन-तीन सवार और बिना हेलमेट के वाहन को दौड़ाते हुए नजर आए। वहीं, पुलिसकर्मी भी बिना हेलमेट के वाहन पर फर्राटा भरते नजर आए।
नियम सभी के लिए बराबर हैं। जो नियमों का पालन नहीं करेगा सभी पर कार्रवाई होगी। जिले में दो एआरटीओ प्रवर्तन को कार्रवाई की जिम्मेदारी दी गई है।
मोहम्मद कय्यूम, एआरटीओ प्रशासन
लोगों को जागरूक करने के लिए निकली बाइक रैली
बुलंदशहर। सड़क सुरक्षा माह के तहत बृहस्पतिवार को डीएम और एसएसपी द्वारा बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। साथ ही डीएम ने वाहन चालकों से यातायात के नियमों का पालन करने की अपील की।
डीएम रविंद्र कुमार ने बाइक रैली को रवाना करने से पूर्व कहा कि वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन अवश्य करें। यातायात नियमों का पालन करने से उनका एवं दूसरों का जीवन सुरक्षित रहेगा। साथ ही एआरटीओ प्रवर्तन को निर्देश दिए कि यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराया जाए। वहीं, निर्माणाधीन संबंधित विभाग के अफसरों को निर्देश दिए कि सड़क हादसों में कमी लाने के लिए सड़क की मरम्मत का कार्य कराते हुए यातायात संकेतों को सही प्रकार से प्रदर्शित करें। साथ ही यातायात नियमों के लिए लोगों को जागरूक करने के लिए व्यस्ततम चौराहों पर लाउडस्पीकर के माध्यम से निरंतर एनाउंसमेंट कराया जाए। इस दौरान एसपी सिटी, एआरटीओ प्रशासन, प्रवर्तन, एआरएम रोडवेज समेत संबंधित विभाग के अन्य अफसर मौजूद रहे।