पुरानी पेंशन बहाली की मांग के समर्थन में दिया धरना
बुलंदशहर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के बैनर तले शनिवार को पुरानी पेंशन बहाली समेत अन्य मांगों के समर्थन में जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पर धरना दिया। इसमें जनपद के शिक्षक शामिल हुए। संघ की ओर से डीआईओएस के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम अपनी मांगों का ज्ञापन भी भेजा गया।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष आनंद कुमार शर्मा ने कहा कि नई पेंशन योजना शिक्षक हित में नहीं है। संघ की मांग है कि सरकार पुरानी पेंशन बहाली करें। साथ ही विद्यालयों में व्यवसायिक शिक्षक पूर्णकालिक शिक्षक के रूप में कार्य करें और समान कार्य के लिए समान वेतन के सिद्धांत के आधार पर वेतन अनुमान्य किया जाए। विनियमितीकरण से वंचित तदर्थ शिक्षकों को विनियमित किया जाए। चयन बोर्ड अधिनियम की धारा-21 यथावत रहे। सभी शिक्षकों को नि:शुल्क चिकित्सा सुविधा अनुमान्य की जाए। महिला शिक्षकों को अनुमन्य अवकाश की सुविधा को अनिवार्य रूप से अनुमान्य कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही सामूहिक बीमा जो 2014 से बंद कर दिया है उसे पुन: चालू किया जाए। अब एक बार फिर मुख्यमंत्री से उक्त मांगों को पूरा करने की मांग उठाई गई है। धरने का संचालन जिला मंत्री योगेंद्र सिंह ने किया। इस मौके पर कोषाध्यक्ष जितेंद्र कुमार शर्मा, वृषभान शर्मा, बीएस उपाध्याय, रामोतार सिंह, मौ. जाकिर, प्रहलाद शर्मा, वीडी शर्मा, वीर सिंह, विनोद कुमार और संजय धनकड़ आदि शिक्षक-शिक्षिकाएं शामिल रहे।