रोडवेज की आय पर भी पड़ रहा ठंड का असर
सिकंदराबाद। पिछले एक सप्ताह से पड़ रही कड़ाके की ठंड से जहां लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है। वहीं, यात्रियों की संख्या घटने से प्रतिदिन रोडवेज बसों के फेरों में कमी आने से रोडवेज की आय भी प्रभावित हो रही है। एआरएम गोकरन सिंह ने बताया कि सिकंदराबाद डिपो से विभिन्न रूटों पर 63 बसें संचालित होती हैं। डिपो की बसों से आम दिनों में औसतन पांच हजार यात्री सफर करते हैं। मगर पिछले एक सप्ताह से पड़ रही कड़ाकेे की ठंड के कारण यात्रियों की संख्या घटकर 35 सौ से चार हजार के बीच रह गई है। वहीं, कोहरे के कारण बसों के फेरों में कमी आई है। यात्रियों की संख्या कम होने, बसों के फेरों में कमी आने से डिपो की आय औसतन सात लाख से घटकर 5.5 लाख से छह लाख तक रह गई है। संवाद