बाइक की भिड़ंत में आढ़ती की मौत
सिकंदराबाद। संतपुरा पुलिस चौकी के पास सिकंदराबाद-बराल रोड पर दो बाइक की आमने-सामने की भिड़ंत में नगर के वैधवाड़ा निवासी गुड़ आढ़ती दिलीप कुमार उर्फ पप्पू (52) की मौत हो गई। परिजनों ने अज्ञात चालक के खिलाफ तहरीर दी है।
सोनू कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि अनाज मंडी में उनकी रामकुमार गुड़ वाले के नाम से आढ़त है। क्षेत्र के गुड़ व्यापारियों और कोल्हू संचालकों से वह गुड़ खरीदते हैं। शुक्रवार सुबह उनके बड़े भाई दिलीप कुमार बाइक से कोल्हू संचालकों का भुगतान करने के लिए गए थे। संतपुरा पुलिस चौकी के पास सामने से आ रहे बाइक सवार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में उनके भाई दिलीप कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने एंबुलेंस की मदद से उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दिलीप कुमार की मौत की सूचना से उनके परिवार में शोक छा गया। दिलीप के दो पुत्र हैं, दोनों ही पुत्र अविवाहित है। पुलिस ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।