हत्यारोपी पति व सास को पुलिस ने भेजा जेल
सिकंदराबाद। दहेज की खातिर विवाहिता की हत्या करने के आरोपी पति, सास को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। जबकि आरोपी ससुर फरार है। पुलिस फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने का दावा कर रही हैं।
ग्राम अजराड़ा थाना मुंडाली जनपद मेरठ निवासी बिजेंद्र पुत्र चंदरू ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया था कि उसने सिकंदराबाद क्षेत्र के गांव हसनपुर जागीर निवासी प्रवीन पुत्र लेखराज के साथ अपनी बेटी दीपा की शादी 11 दिसंबर 2018 में की थी। शादी के कुछ दिन बाद ही प्रवीन और उसके परिवार के लोग दहेज में मोटरसाइकिल की मांग करने लगे। दहेज की मांग को लेकर पति और उसके परिवार के लोग दीपा का उत्पीड़न करने लगे। ससुरालियों के उत्पीड़न के बारे में बेटी ने उन्हें जानकारी दी। उसने बेटी के ससुरालियों को अपनी हैसियत का वास्ता देते हुए समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आए और बेटी का लगातार उत्पीड़न करते रहे। शनिवार को पति प्रवीन, ससुर लेखी उर्फ लेखराज, सास फट्टों ने फांसी लगाकर उसकी हत्या कर दी। कोतवाल सुनील कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी पति प्रवीन, सास फट्टों को मुखबिर की सूचना पर गांव के बाहर से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार मां बेटे को जेल भेज दिया है।