विधायक के खिलाफ अभद्र टिप्पणी पड़ी भारी, आरोपी गिरफ्तार
बुलंदशहर। डिबाई विधानसभा क्षेत्र की विधायक के खिलाफ अभद्र व अशोभनीय टिप्पणी करना एक कथित पत्रकार के लिए भारी पड़ गया। मामले में विधायक के प्रतिनिधि की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
बता दें कि डिबाई विधानसभा क्षेत्र से भाजपा की डा. अनीता लोधी राजपूत विधायक हैं। मामले में विधायक के प्रतिनिधि पीपी सिंह ने डिबाई पुलिस को तहरीर दी है। जिसमें उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर बीते कुछ दिनों से एक ऑडियो वायरल हो रहा है। जिसमें एक व्यक्ति खुद को कथित पत्रकार बताते हुए अपना नाम भानु प्रताप सिंह बता रहा है। साथ ही उक्त आरोपी व्यक्ति डिबाई विधायक के खिलाफ अभद्र व अशोभनीय टिप्पणी भी कर रहा है। यह ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद चर्चा का विषय बना हुआ है। साथ ही विधायक के समर्थकों में भी रोष व्याप्त है। वहीं, पुलिस ने विधायक प्रतिनिधि की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। थाना प्रभारी अखिलेश कुमार गौड़ ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। जल्द ही मामले में अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।