चोला क्षेत्र में गोवंश के अवशेष की सूचना पर मौके पर तैनात पुलिस बल। अमर उजाला
- फोटो : SIKANDRABAD
सबदलपुर में कथित गोवंश मिलने से हड़कंप, विरोध में हंगामा
चोला। चौकी क्षेत्र के गांव सबदलपुर के जंगल में कथित गोवंशों के अवशेष मिलने की सूचना पर हड़कंप मच गया। सूचना पर सीओ सिकंदराबाद समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं एक संगठन के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए ओर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग को लेकर हंगामा किया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया। तब जाकर संगठन के कार्यकर्ता शांत हुए। पुलिस ने बरामद कथित गोवंश के अवशेष, कार को कब्जे में ले लिया। ग्रामीणों ने आरोपियों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है।
चौकी क्षेत्र के गांव सबदलपुर के ग्रामीणों ने बताया कि शनिवार की सुबह करीब 9.30 बजे उन्हें गांव के अन्य लोगों ने सूचना दी कि गांव से करीब 200 मीटर की दूरी पर गोकशी की गई है। गोकशों ने तीन गोवंशों की हत्या कर अवशेष को नाले में फेंक दिया है। सूचना पर वह मौके पर पहुंचे। जब वह मौके पर पहुंचे तो चार लोग वहां खड़े हुए थे। ग्रामीणों ने घेराबंदी कर तीन लोगों को दबोच लिया। जबकि उनका एक साथी फरार हो गया। मौके पर तीन कथित गोवंशों के अवशेष पड़े हुए थे, जिसकी उन्होंने पुलिस को सूचना दी। गोकशी की सूचना पर पुलिस में हड़कंप मच गया। सीओ सिकंदराबाद राघवेंद्र मिश्र के अलावा कोतवाली देहात, कोतवाली सिकंदराबाद, थाना ककोड़, थाना खुर्जा देहात की पुलिस मौके पर पहुंची। सूचना पर हिन्दू संगठन के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग को लेकर हंगामा कर दिया। पुलिस ने हंगामा कर रहे हिन्दू संगठन के कार्यकर्ताओं, ग्रामीणों को आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने का आश्वासन देकर शांत किया। मौके से बरामद गोवंश के अवशेष कार को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया। पशु चिकित्सक ने मौके पर पहुंचकर जांच के लिए गोवंशों के अवशेष का नमूना लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हालात पर नजर बनाए हुए हैं। इंस्पेक्टर अखिलेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही हैं। जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। पूछताछ के लिए कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है।