टेंपो चालक को बदमाशों ने मारी गोली, हालत गंभीर
ककोड़ । बदमाशों ने गांव आजमपुर-हुसैनपुर के जंगल में बृहस्पतिवार की दोपहर एक टेंपो चालक को गोली मारकर घायल कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। हालत गंभीर होने के कारण घायल चालक को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
थाना प्रभारी दिनेश प्रताप सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार की दोपहर पुलिस को थाना क्षेत्र के गांव आजमपुर-हुसैनपुर के जंगल में टेंपो चालक को गोली मारने की सूचना मिली। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। एक युवक घायल अवस्था में सड़क किनारे पड़ा था। उसके पेट में गोली लगी थी। टेंपो पास में ही पलटा हुआ था। पूछने पर उसने अपना नाम ग्राम आजमपुर हुसैनपुर निवासी प्रवीन शर्मा पुत्र भदेव शर्मा बताया। उसने बताया कि दो अज्ञात युवकों ने उसे रास्ते में रोककर उसे गोली मार दी और फरार हो गए। पुलिस ने घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। बताया कि हालत गंभीर होने पर प्रवीन को हायर सेंटर मेरठ के लिए रेफर कर दिया गया। बताया कि तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।