फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

राखी पर टूटी सांसों की डोर, सूना हुआ बहनों का त्योहार

विज्ञापन
पहासू के टक्कर नगलिया गांव में विलाप करते मृतक के परिजन - फोटो : KHURJA
विज्ञापन
राखी पर टूटी सांसों की डोर, सूना हुआ बहनों का त्योहार
विज्ञापन

बुलंदशहर में रक्षाबंधन के त्योहार पर अलग-अलग हादसों में छह युवकों की सांसों की डोर टूट गई। इनकी बहनों को भाई-बहन का सबसे बड़ा त्योहार जिंदगीभर का गम दे गया। किसी की बहन चार दिन तो किसी की बहन दो दिन से भाई की कलाई में राखी सजाने की तैयारी में जुटी थीं। एक झटके में सब कुछ सूना हो गया।
अरनिया क्षेत्र के गांव ईसनपुर के निकट अनियंत्रित रोडवेज ने बाइक सवार तीन युवकों को कुचल दिया। तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद रोडवेज चालक बस छोड़कर फरार हो गया।
विज्ञापन

गांव टक्कर की नगलिया निवासी पवन कुमार ने बताया कि उसका भाई धर्मेंद्र सिंह (32) अरनिया क्षेत्र के निजी कंपनी की रसोई में काम करता था। उसके साथ गांव का कालीचरन (35) और छतारी के गांव चौगानपुर निवासी साहब सिंह (28) भी काम करते थे। बृहस्पतिवार रात तीनों बाइक से घर जाने के लिए निकले थे। देर रात करीब 11 बजे किशनपुर गांव के पास पीछे से आ रही अनियंत्रित रोडवेज ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। इसके बाद उन्हें कुचल दिया। हादसे के बाद हाईवे पर शोर-शराबा मच गया। आरोपी चालक बस छोड़कर भाग गया। बस में मौजूद सवारियों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बाइक सवार तीनों लोगों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और परिजनों को जानकारी दी। पवन कुमार ने आरोपी चालक के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। क्षेत्राधिकारी खुर्जा दिलीप सिंह रोडवेज बस उन्नाव डिपो की है। नंबर के आधार पर चालक की तलाश की जा रही है।
बस के अगले पहिए में फंस गए थे शव
बस के बाईं ओर के अगले पहिए में बाइक व शव फंस गए थे। इस कारण बस आगे नहीं बढ़ पाई। शव और बाइक को पहिए से निकालने के लिए पुलिस को जेसीबी की मदद लेनी पड़ी।
बहन राखी बांधने आई थी, भाई हमेशा के लिए चला गया
हादसे के शिकार हुए धर्मेंद्र की बहन आशु ने रोते हुए बताया कि चार दिन पहले वह रक्षाबंधन मनाने के लिए अपने मायके आई थी। आशु की डेढ़ पहले ही शादी हुई थी। भाई धर्मेंद्र अरनिया थाना क्षेत्र में टीएचडीसी में नौकरी करता था। बृहस्पतिवार देर रात वह राखी बंधवाने के लिए गांव आ रहा था।
हाईवे पर अंधेरा बना हादसे का मुख्य कारण
एनएच 91 पर स्ट्रीट लाइट नहीं होने के कारण रात के वक्त अंधेरा पसरा रहता है। ऐसे में हाईवे पर खराब सड़क, गड्ढे और डिवाइडर दिखाई नहीं देते हैं। इससे वाहन अनियंत्रित होकर हादसे के शिकार होते हैं।
सेना भर्ती के लिए दौड़ लगा रहे युवक को अज्ञात वाहन ने कुचला
सेना भर्ती के लिए स्टेट हाईवे पर दौड़ लगाते समय शुक्रवार तड़के अनुज (18) को एक वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। रक्षाबंधन त्योहार के मौके पर जब बहनों को हादसे की जानकारी हुई तो वे बदहवाश हो गईं।
अहमदगढ़ क्षेत्र के गांव नौरंगाबाद जगजीतपुर निवासी अनुज चार भाई-बहनों में सबसे छोटा था। एक बहन की शादी हो चुकी है। हादसे के बाद गुस्साए परिजनों ने स्टेट हाईवे पर जाम लगा दिया। आरोप लगाया कि गांव में खेल मैदान होता तो अनुज को सड़क पर दौड़ने के लिए मजबूर नहीं होना पड़ता। मौके पर पहुंचे शिकारपुर एसडीएम हसन अब्बास नकवी, सीओ अजय कुमार ने परिजनों को समझाया, लेकिन परिजन गांव में अनुज के नाम पर खेल मैदान बनाने और आरोपियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर अड़े रहे। करीब तीन घंटे तक स्टेट हाईवे जाम होने के कारण हजारों वाहन चालकों को परेशानी हुई। एसडीएम हसन अब्बास नकवी ने बताया कि रानीवाला चौक के पास एक स्कूल की जमीन खाली पड़ी है। इस जमीन पर खेल मैदान बनाने के लिए कार्य योजना बनाई जाएगी। इस आश्वासन पर तीन घंटे बाद जाम खोला गया।
बेसुध हुईं अनुज की दोनों बहनें
अनुज चार बहन भाइयों में सबसे छोटा था। बड़ी बहन अमर कुमारी की कुछ समय पूर्व ही शादी हुई थी। छोटी बहन ललिता कुमारी अभी अविवाहित है। शुक्रवार को राखी पर्व मनाने के लिए बड़ी बहन गांव आई हुई थी। दौड़ लगाने के लिए निकले अनुज की मौत की सूचना मिलने के बाद बहन अमर कुमारी और ललिता कुमारी बेसुध हो गईं। वह 2 दिन से भाई के हाथ पर रक्षा सूत्र बांधने के लिए तैयारियां कर रही थीं।
पुलिस ने किया एफआईआर में खेल
पुलिस ने अनुज की पिता की शिकायत पर एफआइआर दर्ज की है। इसमें पुलिस ने अज्ञात वाहन की जगह बाइक की टक्कर से मौत दर्शाई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि युवक सेना भर्ती के लिए सड़क किनारे दौड़ रहा था। मामले में थाना प्रभारी से पूछा तो उन्होंने कहा कि पीड़ित परिजनों ने जो तहरीर दी है, उसके आधार पर रिपोर्ट दर्ज की है। आगे की जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
बाइक की टक्कर से युवक की मौत, बेसुध हुई बहन
दवाई लेकर बृहस्पतिवार रात लौट रहे अहमदगढ़ थाना क्षेत्र के गांव नगला हरनाम निवासी कुलदीप को तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पिता जयकिशोर की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। चार बहन भाइयों में सबसे छोटे कुलदीप की बहन काजल की कुछ समय पूर्व ही शादी हुई थी। इस बार भाई की कलाई पर राखी बांधने के लिए वह नहीं आ पाई थी। कुलदीप की मौत के बाद उसकी इकलौती बहन काजल गांव पहुंची। भाई का शव देखकर बेसुध होकर गिर पड़ी।
ससुराल जा रहे युवक की सड़क दुर्घटना में मौत
रामघाट थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार शाम को बाइक से ससुराल जा रहे वीरेश (21) की हादसे में मौत हो गई। वह अलीगढ़ के पाली मुकीमपुर क्षेत्र के ग्राम बडेसरा का रहने वाला था। ससुराल संभल के गुन्नौर थाना क्षेत्र के ग्राम इसनपुर में थी। रामघाट थाना क्षेत्र के सिलहारी मोड़ के निकट नरौरा की ओर से आ रहे एक अनियंत्रित टेंपो ने बीरेश की बाइक में टक्कर मार दी थी। पुलिस ने उसे डिबाई चिकित्सालय भिजवाया लेकिन वीेरेश की मौत हो गई।
विज्ञापन

बस से गिरकर महिला की मौत
स्याना से बुलंदशहर जा रही निजी बस से गिरकर गांव बरौली वासुदेवपुर निवासी छोटी (35) की मौत हो गई। छोटी बेटे महेश को दवाई दिलवाकर गांव जा रही थी। भीड़ के चलते बस के गेट के पास खड़ी थी। गांव चिंगरावठी के पास अचानक ब्रेक लगने से बस से नीचे सड़क पर गिर गई। उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। हायर सेंटर लेकर जाते हुए रास्ते में मौत हो गई। मृतका के पति रविन्द्र की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। सीओ स्याना वंदना शर्मा ने बताया कि महिला प्राइवेट बस से बुलंदशहर की तरफ जा रही थी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें