बीडीए ने शोरूम संचालक को भेजा नोटिस, व्यापारियों ने जताया विरोध
बुलंदशहर। बुलंदशहर विकास प्राधिकरण द्वारा नगर के एक शोरूम संचालक को तीन दिन में दो बार नोटिस भेजकर सीलिंग की चेतावनी दी गई। बृहस्पतिवार को टीम जब सीलिंग करने पहुंची तो शोरूम संचालक ने व्यापारियों संग टीम का विरोध किया। विरोध होता देख टीम बैरंग लौट आई। वहीं, व्यापारोियों द्वारा संबंधित अधिकारी के मौके पर न मिलने पर बीडीए सचिव के समक्ष अपना पक्ष रखा। फिलहाल बीडीए सचिव द्वारा जांच करने के निर्देश दिए गए हैं।
नगर के जिला अस्पताल रोड स्थित वोमेनका शोरूम पर पिछले कई दिनों से कार्य करवाया जा रहा है। जिसे अवैध कार्य बताते हुए नौ अगस्त को बीडीए द्वारा शोरूम संचालक को नोटिस जारी किया गया। नोटिस मिलने पर शोरूम संचालक द्वारा अपना पक्ष रखा गया, जिसे अनसुना कर बीडीए द्वारा बृहस्पतिवार को दूसरा नोटिस जारी कर टीम को सीलिंग की कार्रवाई करने के लिए मौके पर भेजा गया। शोरूम के सीलिंग किए जाने का नोटिस मिलने पर शोरुम संचालक द्वारा व्यापारी सुरक्षा फोरम के पदाधिकारियों को बुलाकर विरोध जताया गया। शोरूम संचालक अशोक मित्तल ने बताया कि शोरूम पर कोई निर्माण कार्य नहीं हो रहा है। केवल टूटफूट को सही करवाया जा रहा है। बीडीए के पदाधिकारी अवैध वसूली के लिए नोटिस भेज रहे हैं। नोटिस भेजने वाले अधिकारी मौके पर नहीं मिलने पर बीडीए सचिव के सामने अपना पक्ष रखा गया है। उधर, बीडीए सचिव देवेंद्र पाल सिंह ने बताया कि शोरुम पर अवैध निर्माण को लेकर सिलिंग का नोटिस भेजा गया था, जिसका व्यापारियों द्वारा विरोध जताया गया। व्यापारियों के विरोध को देख फिलहाल कार्रवाई रोक दी गई है और मामले की जांच के निर्देश दिए गए हैं।