मृतक प्रसूता का पीएचसी में नहीं मिला रिकार्ड, जवाब तलब
खानपुर। छह दिन पूर्व रुपये देने में देरी करने पर कर्मियों द्वारा प्रसूता को रेफर नहीं किया था। इससे महिला की मौत हो गई थी। परिजनों द्वारा शिकायत करने पर एएनएम की लापरवाही उजागर हुई थी। अस्पताल में जांच के दौरान मृतक प्रसूता महिला के उपचार का कोई रिकॉर्ड नहीं मिला। सीएमओ ने इस संबंध में सीएचसी प्रभारी से एएनएम का स्पष्टीकरण तलब किया है। वहीं परिजन कार्रवाई न होने पर मुख्यमंत्री दरबार जाने की तैयारी में हैं।
गांव जवासा निवासी एक महिला की प्रसव के बाद इलाज में देरी होने पर मौत हो गई थी। जिसका कारण परिजनों ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात एएनएम पर उपचार के नाम पर रुपये मांगने और रुपये देने में देरी करने पर इलाज न किए जाने का आरोप लगाया है। इसकी शिकायत परिजनों द्वारा उच्च अफसरों से की गई। परिजनों की शिकायत पर सीएमओ द्वारा मामले में सीएचसी प्रभारी से रिपोर्ट मांगी गई। उधर जांच के दौरान अब नया खुलासा हुआ है कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती होने वाले मरीजों के इलाज संबंधी डाटा दर्ज नहीं किया जाता। जिससे पता चल सकता था कि महिला का इलाज किस प्रकार चल रहा था। परिजनों का कहना है कि ऊंचागांव सीएचसी प्रभारी ने आरोपी महिला से सांठगांठ कर उसके पक्ष में रिपोर्ट बनाई है। ऊंचागांव सीएचसी प्रभारी डॉ. पीयूष त्रिपाठी ने बताया कि उपचार का रिकॉर्ड अस्पताल में नहीं मिला है। सभी स्टाफ नर्स व एएनएम को रिकॉर्ड रखने के लिए निर्देशित किया गया है। महिला की मौत हीमोग्लोबिन कम होने के कारण हुई है। सीएमओ डॉ. विनय कुमार सिंह ने बताया कि मामले की अभी जांच रिपोर्ट नहीं मिली है। जांच रिपोर्ट के साथ सीएचसी प्रभारी से संबंधित एएनएम का स्पष्टीकरण भी मांगा गया है।