फंदे से लटके मिले प्रेमी युगल के शव
डिबाई। गांव नगला तलवार में शुक्रवार देर रात एक युवक व युवती का शव संदिग्ध परिस्थितियों खेत में पेड़ पर फंदे से लटका हुआ मिला। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मृतकों की शिनाख्त राजकुमार उर्फ राजू व खुशबू निवासी गांव बिलौना रूप थाना डिबाई के रूप में की और परिजनों को सूचना दी। मृतक के परिजनों ने थाने में तहरीर दी है।
बिलौना रुप निवासी अशोक कुमार ने तहरीर देकर बताया कि उनका भाई राजकुमार उर्फ राजू कर्णवास के गांव श्री देवात्रय आदर्श इंटर कालेज में इंटरमीडिएट का छात्र था। शुक्रवार सुबह करीब सात बजे वह घर से कहीं चला गया था। उसका फोन भी स्विच ऑफ जा रहा था। काफी ढूंढने के बाद भी उसका कहीं कोई सुराग नहीं लग सका। देर रात करीब 11 बजे उन्हें सूचना मिली कि उनके भाई राजू और गांव निवासी एक युवती खुशबू का शव फंदे से लटका हुआ है। अशोक ने आशंका जताई कि उसके भाई और युवती की हत्या कर शव वहां लटकाया गया। वहीं, युवती के भाई राहुल कुमार ने तहरीर देकर बताया कि उसकी बहन खुशबू शुक्रवार सुबह सात बजे घर से कहीं चली गई थी। सुबह करीब 11 बजे जब पीड़ित घर पहुंचा तो जानकारी हुई कि खुशबू घर नहीं लौटी है। जिसके बाद पीड़ित ने अन्य परिजनों के साथ उसकी तलाश शुरू कर दी। लेकिन, उसका कहीं कोई सुराग नहीं लगा। शुक्रवार देर रात सूचना मिली कि उसने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग का नजर आ रहा है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की ओर से शिकायती पत्र मिला है। युवक पक्ष की ओर से मामले में हत्या की आशंका व्यक्त की गई है। जबकि, युवती के परिजनों ने आत्महत्या की बात कही है। मामले में पुलिस अभी विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है। साथ ही पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का भी इंतजार किया जा रहा है। जिससे मौत का सही कारण स्पष्ट हो सकेगा।
दोनों एक ही कॉलेज में करते थे पढ़ाई
मृतक युवक राजू के परिजनों ने बताया कि वह कर्णवास स्थित श्री देवात्रय आदर्श इंटर कालेज में इंटरमीडिएट का छात्रा था। जबकि, मृतका खुशबू के परिजनों ने बताया कि उसने इसी वर्ष दसवीं की परीक्षा उसी इंटर कालेज से उत्तीर्ण की थी। लेकिन, आगे पढ़ाने के लिए उनके पास फीस जमा करने को पैसे नहीं थे। इसी कारण उसे अब स्कूल नहीं भेज रहे थे। दोनों की मौत के बाद शनिवार को स्कूल में दो मिनट का मौन धारण किया गया।
जमीन से सटे थे पैर, एक ही डाली पर लटके थे शव
राजू और खुशबू के शव खेत में एक ही डाली पर दो अलग-अलग फंदो पर लटके हुए थे। राजू का शव आगे की ओर और खुशबू का शव उससे सटा हुआ पीछे की ओर लटका हुआ था। दोनों के पैर जमीन से लगे हुए थे और उनके जूते व चप्पल वहीं पड़े थे। जबकि, शवों के पास तीन-तीन ईंटें एक के ऊपर एक कर रखी हुई थीं।
तीन दिन पूर्व दोनों परिवारों के बीच हुई थी बातचीत
पुलिस की जांच में सामने आया है कि तीन दिन पूर्व मृतका खुशबू के ममेरे भाई ने उसका फोन देख लिया था। जिसमें गांव निवासी युवक राजू के साथ उसके मेसेज आदि थे। इसकी शिकायत उसने अन्य परिजनों से की। जिसके बाद युवक व युवती के परिजनों के बीच बातचीत हुई। लेकिन, दोनों परिवारों में इस रिश्ते के लिए राजी नहीं हुए थे।
कोट =
युवक-युवती शुक्रवार सुबह से घर से लापता थे। परिजनों ने किसी भी प्रकार की कोई गुमशुदगी से संबंधित शिकायत नहीं की थी। रात करीब 11 बजे खेत मालिक ने शव लटकने की सूचना दी। जिनकी शिनाख्त कर परिजनों को सूचित किया गया। प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से भी जुड़ा सामने आ रहा है। दोनों पक्षों की ओर से तहरीर मिल गई है। विभिन्न पहलुओं पर जांच की जा रही है।
- श्लोक कुमार, एसएसपी