गंगा में डूब रहे दो किशोरों को पीएसी जवानों ने बचाया
अनूपशहर। अनूपशहर श्मशानघाट पर वृद्धा के अंतिम संस्कार में शामिल होने आये दो किशोरों को गंगा में डूबने के दौरान पीएसी फ्लड टीम के जवानों ने सकुशल बचा लिया। क्षेत्र के गांव बगसरा निवासी एक वृद्धा माया देवी का देहांत हो गया था, जिसका अंतिम संस्कार मोक्षधाम पर किया जा रहा था। अंतिम संस्कार में आये गांव बगसरा निवासी दो किशोर तिलक सिंह व भोला मोक्षधाम के बराबर स्नान घाट पर नहाने लगे। नहाने के दौरान तेज बहाव की चपेट में आकर डूबने लगे। किशोरों को डूबता देख मौके पर मौजूद 41वीं वाहिनी पीएसी गाजियाबाद के जवान लांस नायक अनुज प्रताप सिंह, कांस्टेबल चांद सिंह व भूपेंद्र कुमार ने दोनों किशोरों को सकुशल बचा लिया।