बेहोश कर युवती के साथ किया दुष्कर्म
बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र निवासी एक युवती को पांच माह पूर्व उसके परिचित युवक ने अलीगढ़ बुलाया और वहां दवा खिलाकर बेहोश कर दिया। युवती के साथ बेहोशी की हालत में दुष्कर्म किया गया। पीड़िता के होश में आने पर विरोध करने पर उसकी बहन को जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़िता ने आरोपी युवक को नामजद एवं उसके दो अज्ञात साथियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
नगर कोतवाली में एक मोहल्ला निवासी पीड़िता युवती ने तहरीर देकर बताया कि उसकी जान-पहचान अलीगढ़ क्षेत्र के एक युवक से हुई थी। 3 दिसंबर 2021 को आरोपी युवक ने उसे अलीगढ़ बुलाया। अलीगढ़ में आरोपी ने उसे किसी बहाने से दवा खिला दी, जिसके बाद वह बेहोश हो गई। उसकी बेहोशी की हालत में आरोपी युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया। होश में आने पर उसे घटना का पता चल सका। इस पर उसने आरोपी की हरकत का विरोध किया, जिस पर आरोपी युवक और उसके दो अज्ञात साथियों द्वारा घटना के बारे में किसी को कुछ बताने पर उसकी बहन की हत्या कर देने की धमकी दी गई। डर एवं दहशत के चलते वह चुप लगा गई। अब उसके द्वारा घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही है। नगर पुलिस ने मामले में आरोपी पंकज शर्मा निवासी गांव नौगांव अलीगढ़ और उसके दो अज्ञात साथियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। नगर कोतवाल ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले में जांच की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी।