गोली लगने से प्रधान पुत्र की मौत
स्याना। थाना क्षेत्र निवासी गांव चित्सोना की प्रधान के पुत्र की मंगलवार को घर पर ही गोली लगने से मौत हो गई। परिजनों ने मृतक का पोस्टमार्टम कराने से इनकार करते हुए उसका अंतिम संस्कार कर दिया है। पुलिस की जांच में सामने आ रहा है कि किशोर घर पर ही अपने पिता की लाइसेंसी राइफल साफ कर रहा था, उसी समय गोली चलने से उसकी मौत हो गई। बीवीनगर थाना क्षेत्र के गांव चित्सोना निवासी मनोज चौधरी वर्तमान में स्याना कोतवाली क्षेत्र में बुलंदशहर गढ़मुक्तेश्वर हाइवे से सटे हुए अपने मकान में पत्नी व बच्चों के साथ रहते हैं। वर्तमान में उनकी पत्नी प्रियंका चौधरी गांव की प्रधान है, बताया गया कि मंगलवार सुबह करीब 11 बजे उनका 16 वर्षीय पुत्र आशु चौधरी घर पर ही अपने पिता की लाइसेंसी राइफल को साफ कर रहा था। उसी दौरान अचानक राइफल से गोली चल गई। गोली आशु के गले में जा लगी। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।