नशे में एसओजी में तैनात पुलिसकर्मियों ने किया हंगामा
बुलंदशहर। देहात कोतवाली स्थित मॉल में शुक्रवार देर रात कुछ पुलिसकर्मियों ने जमकर हंगामा किया। हंगामा इतना बढ़ गया कि वहां मौजूद मॉल कर्मियों ने डायल 112 पर कॉल कर दी। मौके पर पहुंची थाना पुलिस ने मामला शांत कराया। हालांकि, मामले में अभी तक कोई तहरीर नहीं दी गई है।
बताया गया कि शुक्रवार देर रात एसओजी में तैनात एक दारोगा, एक हेड कांस्टेबल व दो अन्य पुलिसकर्मी मॉल में पहुंचे थे। इस दौरान पार्किंग एरिया में मॉल कर्मियों से उनका विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच जमकर अभद्रता हुई और नौबत हाथापाई तक आ गई। किसी ने डायल 112 पर पुलिस को मामले की सूचना दी। मौके पर पहुंची थाना पुलिस ने बीच बचाव कर मामले को शांत कराया। बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान कुछ पुलिसकर्मियों व अन्य ने शराब भी पी हुई थी। मामला विभाग से जुड़ा होने पर आपसी सहमति से निपटा दिया गया। सीओ सिटी शशांक सिंह ने बताया कि पार्किंग को लेकर कोई विवाद हुआ था। मारपीट संबंधित ऐसी कोई बात नहीं है। बाद में दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत करा दिया गया।