सांसद प्रतिनिधि की मौत, परिजनों ने हत्या का लगाया आरोप
बुगरासी। मोहल्ला मंदिर वाला निवासी सांसद प्रतिनिधि अतुल अग्रवाल की शुक्रवार रात संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। परिजनों को अतुल अग्रवाल की एक्सीडेंट में मौत होने की सूचना दी गई, जबकि परिजन हत्या का आरोप लगा रहे हैं। शुक्रवार रात अज्ञात वाहन की टक्कर से घटना घटित होने के मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी। शनिवार सुबह परिजनों ने मामले को हत्या बताया और कार्रवाई नहीं होने तक शव का अंतिम संस्कार नहीं किए जाने की जिद पर अड़ गए। पुलिस ने हत्या की रिपोर्ट दर्ज करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद शव का अंतिम संस्कार किया गया।
सांसद प्रतिनिधि अतुल अग्रवाल अपने दो साथियों के शुक्रवार रात करीब नौ बजे घूमने गए थे। कुछ देर बाद दोनों साथियों में से एक ने अतुल अग्रवाल के भाई को बुगरासी-स्याना रोड पर केल मोड़ के पास हादसे की सूचना दी। सूचना पर परिजन सहित कस्बेवासी घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। अतुल अग्रवाल को कस्बे के एक निजी क्लीनिक पर लाया गया। चिकित्सक ने जांच कर अतुल अग्रवाल के मृत होने की पुष्टि की। परिजनों ने हादसे की सूचना के आधार पर अज्ञात वाहन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी। पुलिस ने भी पोस्टमार्टम के बाद रात में ही शव को परिजनों को सौंप दिया। लेकिन, शनिवार सुबह परिजनों को सूचना दी गई कि घूमने गए दो साथियों की भूमिका संदिग्ध है और अतुल अग्रवाल की हत्या कर घटना को एक्सीडेंट का रूप दिया गया है। इसे लेकर लोगों में रोष पनप गया। घर के बाहर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और लोगों ने घूमने साथ गए दोनों लोगों को तत्काल हिरासत में लेकर पूछताछ करने और एक्सीडेंट करने वाले वाहन को पकड़ कार्रवाई की मांग पर अड़ गए। मांग पूरी नहीं होने तक आक्रोशित लोगों ने शव के अंतिम संस्कार नहीं करने की चेतावनी दी। मौके पर चौकी इंचार्ज बुगरासी, थानाध्यक्ष नरसेना, सीओ स्याना पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास करने लगे। आक्रोशित लोग जिद पर अड़े रहे। कुछ देर बाद परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए भगवानपुर गंगाघाट पर ले गए। वहां भी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की गई। मांग पूरी नहीं होने तक शव को अंतिम संस्कार करने से परिजनों ने इनकार कर दिया। सूचना पर सीओ स्याना अलका सिंह ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया। पुलिस द्वारा परिजनों को अतुल अग्रवाल के साथ घूमने गए दोनों नामजद आरोपियों के खिलाफ तहरीर के आधार पर हत्या का मुकदमा दर्ज किए जाने के आश्वासन के बाद शव का अंतिम संस्कार किया गया।
बच्चों के सिर से उठा पिता का साया, छोटा बेटा मात्र एक साल का
अतुल अग्रवाल के दो बेटे हैं। बड़ा बेटा छह साल का है, जबकि छोटा बेटा मात्र एक साल का है। असमय पिता के निधन से बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है। मासूमों को दर्द को देख लोगों के आंखों से भी आंसू छलक उठे।
अंतिम संस्कार में पहुंचे जनपद भर के लोग
अतुल अग्रवाल सांसद प्रतिनिधि थे। उन्होंने पूर्व में भाजपा के टिकट से चेयरमैन पद के लिए चुनाव भी लड़ा है। इससे पूर्व कई साल बसपा से भी जुड़े रहे हैं। राजनेता के साथ सामाजिक होने के कारण जनपद भर के लोग अंतिम संस्कार में पहुंचे।
कोट
मामले में पहले तहरीर के आधार पर सड़क दुर्घटना में मौत की रिपोर्ट दर्ज की गई। वहीं, अब परिजनों ने दो अन्य लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। इसे विवेचना में शामिल किया जा रहा है। तथ्य के आधार पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी। - अलका सिंह, सीओ स्याना