शिकायतकर्ता को ही हवालात में डालकर दी थर्ड-डिग्री
बुलंदशहर। सलेमपुर थाना क्षेत्र के गांव पारोली निवासी सौरभ राघव को गांव निवासी कुछ लोगों ने घर में घुसकर पीटा। पीड़ित जब थाने पर शिकायत लेकर पहुंचा तो पुलिस ने उसे ही हवालात में डाल दिया और थर्ड डिग्री दी। आरोप है कि रात में पुलिस ने एक व्यक्ति के माध्यम से पीड़ित के परिजनों से छह हजार रुपये रिश्वत लेकर उसे छोड़ा है।
सौरभ राघव ने एसएसपी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि 11 फरवरी की शाम को वह अपने घर के बाहर खड़ा हुआ था। इस दौरान गांव निवासी एक युवक गाली गलौच कर रहा था। सौरभ ने गाली देने का विरोध किया। जिस पर युवक भड़क गया। कुछ देर बाद आरोपी अपने साथ कुछ लोगों को लेकर पीड़ित के घर में घुस आया। जहां आरोपी ने उसके साथ अभद्रता करते हुए जमकर मारपीट की। साथ ही शोर शराबा होने पर भविष्य में हत्या की धमकी देकर भाग निकला। पीड़ित ने 12 फरवरी को थाने पर पहुंच कर आरोपी के खिलाफ शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की थी। आरोप है कि पुलिस ने उसकी शिकायत पर कार्रवाई करने की बजाय उस पर ही आरोप लगाते हुए हवालात में डाल दिया। साथ ही एक सिपाही से उसके साथ जमकर मारपीट कराई। रात को गांव निवासी एक व्यक्ति के माध्यम से पुलिस ने पीड़ित के परिवार से दस हजार रुपये की मांग पीड़ित को छोड़ने की एवज में की। लेकिन, परिजन छह हजार रुपये ही दे सके। रुपये लेने के बाद ही पुलिस ने पीड़ित को छोड़ा।
ट्विटर पर भी की शिकायत
पीड़ित ने ट्विटर के माध्यम से भी डीजीपी यूपी और बुलंदशहर पुलिस को टैग करते हुए शिकायत की है। साथ ही आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने और थाना पुलिस के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई करने की गुहार लगाई है। जिस पर बुलंदशहर पुलिस के ट्विटर हैंडल से उसे जानकारी दी गई है कि मामले की जांच सीओ शिकारपुर को सौंप दी गई है।
सलेमपुर पुलिस की लगातार हो रही शिकायतें
सलेमपुर थाना पुलिस पर आए दिन रिश्वत मांगने, फरियादियों से अभद्रता करने आदि के मामले सामने आ रहे हैं। पूर्व में भी एसएसपी संबंधित थाना प्रभारी को फटकार लगा चुके हैं। इसके बावजूद थाना पुलिस की शिकायतें कम नहीं हो रही हैं।
कोट
युवक की पिटाई के संबंध में शिकायत मिली है। मामले की जांच सीओ शिकारपुर को सौंप दी गई है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जल्द ही आरोपी युवक को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। - संतोष कुमार सिंह, एसएसपी