फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बनाकर युवती से की चैट, रिपोर्ट दर्ज
बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र निवासी एक युवक का फर्जी इंस्टाग्राम अकांउट बनाकर शातिरों ने एक युवती से अश्लील चैट की। मामले की जानकारी होने पर पीड़ित युवक की मां ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। एसएसपी के आदेश पर साइबर सेल ने जांच की तो आरोप सही पाए गए। मामले में साइबर सेल की रिपोर्ट के आधार पर दो नामजद आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
नगर कोतवाली क्षेत्र निवासी एक महिला ने बीते दिनों एसएसपी को शिकायती पत्र दिया था। इसमें उसने बताया कि उसके पुत्र की किसी अज्ञात आरोपी ने इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बना ली है। जिस पर उसका फोटो भी इस्तेमाल किया गया है। साथ ही आरोपी किसी युवती से अश्लील चैट कर रहा है। जिसकी भनक उसके पुत्र को हुई तो उसने शिकायत की। पीड़िता की शिकायत पर एसएसपी ने साइबर सेल को मामले की जांच सौंपी। जांच में बदायूं जनपद के उजहानी ग्रामीण बिसाउली निवासी राकेश कुमार और साक्षी सक्सेना निवासी सर्वोदय नगर गाजियाबाद के नाम प्रकाश में आए। आरोपी साक्षी सक्सेना की पीड़िता से रिश्तेदारी है।
सीओ सिटी शशांक सिंह ने बताया कि मामले में दोनों नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जल्द ही गिरफ्तारी कर ली जाएगी।